इंदौर। भीषण गर्मी के कारण शहर में कई चौराहों पर शेड लगाए गए थे। दो दिन की हवा आंधी में यह गिरने लगे। जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना का अंदेशा बना हुआ था। इसे देखते हुए निगम ने अब इन्हें हटाने का निर्णय लिया है। पलासिया सहित कई स्थानों से इन्हें हटाया गया। गौरतलब है कि पत्रिका ने इसकी गुणवत्ता व इससे हादसों के अंदेशे को लेकर खबर का प्रकाशन किया था।
आयुक्त शिवम वर्मा ने बताया गर्मी को देखते हुए कई संस्थाओं के माध्यम से यह लगाए जा रहे थे। इन्हें सुरक्षा देखते हुए लगवाया जा रहा था। इसके लिए एमआइसी की समिति बनाई गई थी जिसमें अपर आयुक्त भी थे। जब बहुत तेज हवा चलती है तो ग्रीन नेट उड़ या फट जाता है। वह भी किसी दुर्घटना का कारण बन सकता है। इसलिए इसे हटाने का निर्णय लिया गया। इन्हें हटाए जाने का काम शुरू हुआ है। सभी स्ट्रक्चर हटाए जाएंगे। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि जन सहमति से इन्हें लगाया जा रहा था। सुरक्षा को देखते हुए अब इन्हें हटवाया जा रहा है।