
AI जनरेटेड फोटो
Case Of Create Fake Photos From AI: उदयपुर के रहने वाले सिरफिरे युवक की करतूत ने हर किसी को हैरान कर दिया। भोपाल की युवती ने उसे शादी से इनकार किया तो उसने बदनाम करने की हरकत कर डाली। युवक ने AI के जरिए शादी की झूठी कहानी रच दी। एक साल से परेशान युवती ने मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग में शिकायत की तो मामले का खुलासा हुआ। आयोग ने पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अब मध्यप्रदेश पुलिस आरोपी युवक पर कार्रवाई की तैयारी में है।
मैट्रिमोनियल साइट पर एक साल पहले आरोपी की पहचान भोपाल निवासी युवती से हुई थी। दोनों एक-दूसरे से बात करने लगे और फिर युवक मिलने के लिए भोपाल चला गया। जब युवती को उसका बर्ताव समझ नहीं आया तो उसने बातचीत बंद कर दी। शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर युवक ने AI का इस्तेमाल करते हुए युवती को प्रताड़ित कर दिया। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने AI का इस्तेमाल करते हुए फर्जी शादी, हनीमून और गोद भराई तक की तस्वीरें तैयार करके सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं।
यही नहीं युवती और उसके परिवार को परेशान करने के लिए उसके नाम पर एक ही दिन में सैकड़ों कैब बुक करा दी। मामले की सुनवाई महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा यादव और सदस्य साधना स्थापक की बेंच में हुई। आयोग ने मामले को गंभीर मानते हुए जांच के लिए साइबर वेलनेस सेंटर को भेजा है।
पीड़िता के मुताबिक 2025 में मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर प्रोफाइल बनाया था। ऐसे में उदयपुर निवासी युवक से संपर्क हुआ। परिवार की मौजूदगी में दोनों की मुलाकात भी हुई, लेकिन युवक का व्यवहार अनुचित लगने पर परिवार ने रिश्ता करने से इनकार कर दिया। युवती ने संपर्क खत्म कर दिया तो युवक करतूतों पर उतर आया।
युवक ने युवती के नाम पर उज्जैन जाने के लिए अलग-अलग प्लेटफाॅर्म पर कैब बुक करा दी। ऐसे में युवती के घर 500 कैब पहुंच गईं। युवती ने आयोग को बताया कि आरोपी ने एआइ से उसके साथ फर्जी हनीमून, निजी पल और गोद भराई से जुड़ी तस्वीरें तैयार कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दीं। इससे युवती की सामाजिक छवि खराब करने की कोशिश की गई।
सनकी युवक ने सगाई के फर्जी कार्ड छपवाकर भोपाल स्थित युवती की कॉलोनी में बांट दिए। कार्ड में मेहमानों को चांदी का सिक्का देने का भी उल्लेख किया गया था, ताकि अधिकाधिक लोग पहुंचे। इससे पीड़िता के घरवाले परेशान हो गए थे।
आयोग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित साइबर अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। महिलाओं के खिलाफ डिजिटल तकनीक के दुरुपयोग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रेखा यादव , अध्यक्ष, महिला आयोग
Published on:
25 Jun 2026 08:25 am
बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
