16 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

समाचार

वेदर अलर्ट : सुबह धूप-छांव के बीच उमस, रात में झमाझम बारिश, टीन शेड गिरने से महिला की मौत

-पूर्वी मप्र में ट्रॉफ लाइन बनने से जिला हुआ तरबतर

Google source verification

खंडवा

image

Manish Arora

Jun 12, 2025

खरगोन-बुरहानपुर से लेकर टीकमगढ़ तक ट्रॉफ लाइन बनने से बुधवार शाम से जिले में बारिश का सिलसिला जारी हो गया। अलग-अलग समय में अलग-अलग ब्लॉकों में अच्छी खासी बारिश हुई। बुधवार सुबह से आसमान पर बादलों के बीच सूर्य की आंखमिचौली जारी थी। हालांकि तापमान कम हुआ, लेकिन मौसम में उमस बरकरार रही। शाम को तेज गर्म लपट भरी हवाएं भी चली। रात में 15 मिनट झमाझम बारिश भी हुई। इसके बाद फिर उमस ने परेशान किया।

पूर्वी मप्र में ट्रॉफ लाइन सक्रिय होने से खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर, हरदा, देवास, सिहोर, भोपाल, रायसेन, सागर, विदिशा, टीकमगढ़ व छतरपुर तक इसका असर देखा गया। जिले में शाम पांच बजे करीब खालवा, किल्लौद, हरसूद ब्लॉक में बारिश हुई। इसके बाद शाम को पंधाना, छैगांवमाखन ब्लॉक और रात 9.30 बजे खंडवा में तेज बारिश हुई। इस दौरान करीब 30 से लेकर 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चली और आकाशीय बिजली भी चमकी। जिला कृषि मौसम इकाई प्रभारी डॉ. सौरव गुप्ता ने बताया कि गुरुवार को भी ऐसा ही मौसम रहेगा। सुबह धूप निकलने से नमी के चलते उमस भी ज्यादा रहेगी। शाम को बारिश की संभावना बनी हुई है। आकाशीय बिजली के भी आसार है, जिसे लेकर सजगता बरतें।

बारिश से बचने लिया प्रतीक्षालय का सहारा, बना मौत का कारण
बुधवार शाम को खालवा क्षेत्र में तेज हवा आंधी के साथ जमकर बारिश हुई। खारकलां से तीन किमी दूर भड़ंग्या फाके पर एक यात्री प्रतीक्षालय पर पेड़ गिरने से प्रतीक्षालय ढह गया, जिसमें दबने से बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। घटना बुधवार शाम 5.30 बजे की है। हरदा के सिरखंबा क्षेत्र निवासी रमईबाई (65) अपने रिश्तेदार के साथ बाइक पर गमी में शामिल होने ग्राम पांगरा जा रही थी। इस दौरान तेज बारिश होने से महिला सहित कई राहगिरों ने भड़ंग्या फाके पर बने यात्री प्रतीक्षालय की शरण ली। प्रतीक्षालय से लगा पेड़ तेज आंधी के चलते उखडकऱ प्रतीक्षालय पर गिर पड़ा। यहां मौजूद लोगों ने भागकर जान बचाई, लेकिन बुजुर्ग महिला नहीं निकल पाई और प्रतीक्षालय का टीन शेड गिरने से मौत हो गई।