
Rain in Nagaur
नागौर. प्रदेश में सक्रिय हुए मजबूत पश्चिमी विक्षोभ का असर मंगलवार को नागौर जिले में साफ तौर पर देखने को मिला। अलसुबह करीब एक घंटे तक झमाझम बारिश हुई, जिससे मौसम पूरी तरह बदल गया। बादलों की तेज गर्जना के साथ बरसे बादलों ने जहां गर्मी से राहत दिलाई, वहीं अचानक आई ठंडक ने लोगों को अप्रैल महीने में ही सर्दी का अहसास करा दिया।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के चलते सोमवार रात को नागौर का तापमान गिरकर 16.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे कम दर्ज किया गया। सामान्यतःअप्रेल माह में तापमान 30 डिग्री के पार रहता है, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में आई इस गिरावट ने लोगों को हैरान कर दिया।
बारिश का असर शहर की व्यवस्थाओं पर भी देखने को मिला। नागौर शहर के कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मुख्य मार्गों के साथ-साथ कॉलोनियों की सड़कों पर भी जलभराव की स्थिति बनी रही। कई स्थानों पर जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी लंबे समय तक जमा रहा।
सुबह के समय अचानक मौसम बदलने व लगातार बारिश होने से सरकारी कर्मचारी कार्यालय पहुंचने में भी लेट हुए। स्कूल जाने वाले कई बच्चे बारिश में भीगते हुए पहुंचे। ग्रामीण क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश के समाचार हैं, हालांकि कुछ स्थानों गेहूं सहित रबी की पछेती फसलों के खराब होने की आशंका है।
Published on:
07 Apr 2026 11:06 am
बड़ी खबरें
View Allनागौर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
