
रेत माफिया बेखौफ, दुलना एनीकेट पर मौत का खतरा! जल आपूर्ति से खिलवाड़ आखिर कब तक?(photo-patrika)
CG News: विनोद जैन. छत्तीसगढ़ के गोबरा नवापारा/ महानदी के सीने को चीरकर रेत माफिया इन दिनों खुलेआम सरकारी संपत्ति को लूट रहे हैं। दुलना एनीकेट, जो गोबरा नवापारा और अभनपुर क्षेत्र की हजारों आबादी की प्यास बुझाने का प्रमुख सहारा है, आज अवैध खनन और ओवरलोड हाइवा की दहाड़ के बीच कराह रहा है।
सुखी एनीकेट क्षेत्र में दिनदहाड़े रेत निकाली जा रही है। भारी-भरकम ओवरलोडेड हाइवा एनीकेट के ऊपर से बेरोकटोक गुजर रहे हैं। सवाल साफ है — अगर एनीकेट को कुछ हुआ तो जिम्मेदार कौन होगा? क्या जल संसाधन विभाग आंख मूंदे बैठा है या फिर सब कुछ देखकर भी अनदेखा किया जा रहा है?
पहले भी महानदी में हाईटेक मशीनों से अवैध खनन की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कई बार ओवरलोड वाहन जब्त हुए, लेकिन कार्रवाई का असर जमीन पर नजर नहीं आता। माफिया का मनोबल इस कदर बढ़ चुका है कि उन्हें न कानून का डर है, न प्रशासन का।
यह सिर्फ रेत की चोरी नहीं, बल्कि जल सुरक्षा के साथ खुला खिलवाड़ है। अगर एनीकेट की संरचना को नुकसान पहुंचा तो पूरा नगर जल संकट की चपेट में आ जाएगा। प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। यदि अब भी कार्रवाई नहीं हुई तो इतिहास गवाह रहेगा- जब माफिया बेलगाम थे और सिस्टम खामोश होकर देख रहा था
Updated on:
25 Feb 2026 08:47 am
Published on:
25 Feb 2026 08:45 am
