
नोएडा. हरियाणा के सोनीपत में कुंडली टोल प्लाजा के समीप अंडों से भरा ट्रक लूटने वाले पांच बदमाशों को ग्रेटर नोएडा की कासना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। लुटेरों ने अंडों को बेच दिया था और खाली ट्रक को नोएडा महामाया फ्लाईओवर के समीप छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस ने लुटेरों के पास से 4.10 लाख रुपये, अंडों से भरी 47 क्रेट, एक मोबाइल, घटना में इस्तेमाल कार और अवैध तमंचा आदि सामान बरामद किया है।
हथियार के बल पर लूट लिया था ट्रक
कासना थाना पुलिस की ने लुटेरे साहिल, फिरोज, नदीम, विक्रम और तुषार को गिरफ्तार किया है। इनमें से चार आरोपी ग्रेटर नोएडा के अलीबरदीपुर कुलेसरा गांव के हैं और एक आरोपी एटा जिले का रहने वाला है। इन सभी आरोपियों ने बीते 13 सितंबर को हरियाणा के कुंडली टोल प्लाजा के पास से अंडे से भरी गाड़ी के चालक और क्लीनर को हथियार के बल पर बंधक बनाकर अंडों से भरी गाड़ी लूट ली थी। बदमाशों ने लूट की ट्रक को ग्रेटर नोएडा में लाकर अंडे बेच दिए और खाली गाड़ी को नोएडा के महामाया फ्लाईओवर के पास छोड़कर फरार हो गए।
कारोबारी ने सोनीपत की कुंडली थाने में दर्ज करवाया था मुकदमा
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा विशाल पाण्डेय ने बताया कि इस लूट के मामले में अंडा कारोबारी ने सोनीपत की कुंडली थाने में मुकदमा दर्ज करवाया था। इसके बाद से हरियाणा पुलिस लुटेरों की तलाश में जुटी थी, लेकिन हरियाणा पुलिस को लुटेरों को पकड़ने में कामयाबी हासिल नहीं हुई। कासना कोतवाली पुलिस ने लुटेरों को गिरफ्तार कर लूट की घटना का खुलासा किया है।
अंडों का कारोबार करते हैं आरोपी
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा विशाल पाण्डेय ने बताया पकड़े गए बदमाश खुद भी अंडों का कारोबार करते हैं। इसके चलते इन्होंने लूटे गए अंडों को बाजार में बेच दिया। कुछ अंडे अभी बचे थे जिन्हें पुलिस ने इनके पास से बरामद किया है। पुलिस इनके अन्य अपराधिक इतिहास के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
BY: Arvind Uttam
Published on:
1 Oct 2021, 1:47 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.