भीम आर्मी ने आज यानी रविवार को संसद के सामने विरोध प्रदर्शन करने के लिए दिल्ली में बहुजन संकल्प महासभा का आयोजन किया है। इसके लिए शनिवार और आज सुबह भीम आर्मी कार्यकर्ता सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर समेत पूरे वेस्ट यूपी से रवाना हुए। भीम आर्मी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मंजीत सिंह नोटियाल ने बताया कि महासभा में देश के हर एक शहर से लोग पहुंचेंगे। वहीं सहारनपुर के जिलाध्यक्ष कमल वालिया ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा से दो से तीन हजार भीम आर्मी कार्यकर्ताओं के पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि इस दौरान रासुका के तहत सहारनपुर जेल में बंद चंद्रशेखर और गत दो अप्रैल को हुई हिंसा के दौरान गिरफ्तार किए गए भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं को तत्काल रिहा करने का मुद्दा उठाया जाएगा।