
नोएडा. आईपीएल में केकेआर के लिए खेल रहे नोएडा के तेज गेंदबाज शिवम मावी लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। केकेआर और सीएसके के मैच के दौरान मावी सीएसके के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से मिले। इस दौरान धोनी ने उन्हें कुछ टिप्स दिए। इसकी एक तस्वीर, शिवम ने अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर करते हुए अंग्रेजी में धोनी का शुक्रिया अदा करते हुए काफी कुछ लिखा है। जिसके बाद उनके फैंन ने उनके इस ट्वीट में लिखी गई अंग्रेजी को लेकर खूब खिंचाई की है। बता दें कि आईपीएल के साथ शिवम मावी ट्विटर पर भी छा गए हैं। उनके फॉलोअर्स की संख्या अब 5596 हो गई है तो उनके ट्वीट भी सुर्खियां बन रहे हैं।
बता दें कि ट्विटर पर शिवम मावी ने धोनी के साथ अपना एक फोटो शेयर किया है, जिसके नीचे अंग्रेजी में ट्वीट भी किया है। उनके इस ट्वीट पर 6 हजार से ज्यादा लोगों ने लाइक किया है तो 961 लोगों ने रिट्वीट किया है। वहीं इस पर 50 से ज्यादा लोगों ने कमेंट भी किये हैं। जहां कुछ कमेंट में लोगों ने उनकी तारीफों के पुल बांधते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं तो कुछ ने उनकी अंग्रेजी को लेकर जमकर खिंचाई की है। शेख नाम के ट्विटर हैंडल से रिट्वीट करते हुए लिखा गया है कि इतनी इंग्लिश कब सीखी यार। वहीं रामस्वामी राम नाम के यूजर ने लिखा है कि यह ट्वीट वैसा ही है जैसे हम इंग्लिश की परीक्षा में लेटर ऑफ थैंक्स लिखते हैं। अच्छा करो भाई, भविष्य के लिए शुभकामनाएं।
आपको बता दें कि हाल ही में केकेआर और सीएसके के मैच के दौरान धोनी ने मावी की जमकर तारीफ की थी। इसके बाद शिवम मावी ने फोटो के साथ ट्वीट करते हुए लिखा था कि आपसे जो मुझे टिप्स मिली है, वो वाकई काबिले तारीफ है। आपके दिए गए टिप्स को मैं हमेशा याद रखूंगा और उम्मीद करूंगा कि आप भविष्य में भी मुझे ऐसे ही रास्ता दिखाते रहें।
Published on:
8 May 2018, 11:09 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.