
patrika Opinion : रूढ़िवादी किले का आखिरी दरवाजा ध्वस्त
राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) National Defense Academy की प्रवेश परीक्षा NDA exam में लड़कियों को शामिल होने की अनुमति देकर सुप्रीम कोर्ट ने एक तरह से उस रूढि़वादी किले के आखिरी दरवाजे पर चोट की है, जिसका निर्माण आधी आबादी को अधिकारों से दूर रखने के लिए किया गया था। युद्धभूमि वह स्थान रहा है, जहां से स्त्रियों को हमेशा दूर रखा गया। माना जाता रहा है कि युद्ध में स्त्रियों का कोई काम नहीं, यह पुरुषों का काम है। इसीलिए वीरता या शौर्य को कथित तौर पर 'पौरुष' माना गया। यह वह अभेद्य किला रहा है, जहां आकर समानता का अधिकार चाहने वाली स्त्रियों की सीमा समाप्त होती रही है।
अब रक्षा अकादमी में सह-शिक्षा की मंजूरी देकर सुप्रीम कोर्ट ने जैसे भेदभाव वाले 'आखिरी दरवाजे' को भी तोड़ दिया है। इस फैसले के लागू हो जाने के बाद स्त्रियों के लिए सभी रास्ते उसी तरह स्वत: खुलते जाएंगे, जैसे पुरुषों के लिए खुलते रहे हैं। समय-समय पर दिखी स्त्रियों की वीरता को महज अपवाद मानकर उन्हें सम्मानित तो किया जाता रहा, पर हकीकत में स्वीकार नहीं किया गया। वरना सर्वोच्च अदालत को यह कहने की जरूरत नहीं पड़ती कि 'सेना अपनी मानसिकता बदलने को तैयार नहीं लगती। महिलाओं को स्थायी कमीशन देने में भी काफी किंतु-परंतु की गई।' सुप्रीम कोर्ट ने तो यहां तक कह दिया कि सेना आदेशों को लागू करने के प्रति पूर्वाग्रही है। उसकी व्यवस्था लैंगिक भेदभाव वाली है।
दरअसल, महिलाओं को स्थायी कमीशन देने के मामले में भी सेना की तरफ से काफी हिचकिचाहट सामने आई थी। स्पष्ट आदेश के बावजूद सेना ने ऐसा करने में कोई उत्साह नहीं दिखाया था। महिलाओं को सेना में स्थायी कमीशन देने के मामले की सुनवाई के समय शीर्ष कोर्ट ने साफ कर दिया था कि भेदभावपूर्ण व्यवस्था समाप्त करते हुए महिलाओं को समान अवसर देना होगा। इसके बाद होना तो यह चाहिए था कि सेना और सरकार की तरफ से ही एनडीए में सीधे प्रवेश के लिए होने वाली परीक्षा में लड़कियों को शामिल करने का फैसला स्वत: ले लिया जाता। पर ऐसा हुआ नहीं, और फिर यह मामला भी अदालत तक आ पहुंचा।
हालांकि अंतिम आदेश आना अभी बाकी है, पर अंतरिम आदेश से कोर्ट ने अपना रुख साफ कर दिया है कि स्त्रियों से भेदभाव वाली व्यवस्था अब नहीं चलेगी। यह भी सुखद है कि इस बार लाल किले से अपने भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सैनिक स्कूलों को लड़कियों के लिए खोलने की घोषणा की है। धीरे-धीरे सही, पर बेटियां अपना हक हासिल कर रही हैं। इसके बगैर लोकतंत्र बेमानी है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
बड़ी खबरें
View Allओपिनियन




