28 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Opinion / संपादकीय: इलाज करने वाले सिस्टम का ‘इलाज’ ज्यादा जरूरी

संपादकीय: इलाज करने वाले सिस्टम का ‘इलाज’ ज्यादा जरूरी

विश्वविद्यालयों और मेडिकल काउंसिल के रेकॉर्ड को डिजिटल, पारदर्शी और परस्पर जुड़ा हुआ बनाया जाए, ताकि हर डिग्री की प्रामाणिकता एक क्लिक पर जांची जा सके।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Mukesh Kumar Bhushan

•

Updated: 28 Nov 2026, 6:14 PM IST

fake degrees

fake degrees

राजस्थान के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप ने फर्जी डिग्रियों के सहारे नामी अस्पतालों में मरीजों का इलाज कर रहे डॉक्टरों के जिस रैकेट का पर्दाफाश किया है, वह चौंकाता भी है और डराता भी। जो युवा स्कूली शिक्षा तक पूरी नहीं कर सके, वे भ्रष्ट तंत्र की सीढिय़ां चढ़कर डॉक्टर बन बैठे और वर्षों तक लोगों की जिंदगियों से खेलते रहे। उन्होंने अपने पास आने वाले कितने मरीजों का 'कल्याण' किया होगा, इसका तो अनुमान ही लगाया जा सकता है। मामला सिर्फ एमबीबीएस की फर्जी डिग्री तक सीमित नहीं है। एमएस और एमडी जैसी विशेषज्ञता की डिग्रियां भी बनवा ली गईं, यानी जटिल सर्जरी और गंभीर रोगों के इलाज का जिम्मा भी ऐसे लोगों के हाथों में पहुंच गया, जिन्हें शरीर-रचना की बुनियादी समझ तक नहीं थी। इनका देशव्यापी नेटवर्क बिना भीतरी मिलीभगत से असंभव है। फर्जी डिग्री बनाना एक बात है, लेकिन उसे विश्वविद्यालय के रेकॉर्ड में दर्ज कराना, वेबसाइट पर डालकर प्रामाणिकता का भ्रम पैदा करना और फिर मेडिकल काउंसिल से पंजीकरण हासिल कर लेना, यह सब व्यवस्था के भीतर बैठे लोगों की सहभागिता के बिना संभव नहीं।

यह भी नहीं कहा जा सकता कि ऐसा खुलासा पहली बार हुआ है। कुछ ही महीने पहले मेडिकल कॉलेजों में दाखिले की परीक्षा में पेपर लीक का मुद्दा राष्ट्रव्यापी बहस का विषय बना था। लाखों अभ्यर्थियों के आक्रोश के बाद शिक्षामंत्री तक को इस्तीफा देना पड़ा। सवाल यह है कि उस आक्रोश और इस्तीफे के बाद व्यवस्था में कितना सुधार हुआ? जब फर्जी प्रमाणपत्र ही खुलेआम बंट रहे हों, तो पेपर लीक कराकर मेडिकल कॉलेज में दाखिला पाने की जहमत कोई क्यों उठाए? यह विडंबना बताती है कि समस्या किसी एक परीक्षा या एक संस्था की नहीं, पूरी प्रणाली की है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि ऐसी घटनाएं अब हमें झकझोरती नहीं दिखतीं। बार-बार सामने आते घोटाले धीरे-धीरे 'न्यू नॉर्मल' हो रहे हैं।
अब सबसे ज्यादा जरूरी यह है कि ऐसे सभी फर्जी डॉक्टरों का पता लगाया जाए जो अब भी कहीं न कहीं अपनी कारगुजारियों से फायदा उठा रहे हों। सभी पंजीकृत चिकित्सकों की डिग्रियों का राष्ट्रव्यापी सत्यापन होना चाहिए। विश्वविद्यालयों और मेडिकल काउंसिल के रेकॉर्ड को डिजिटल, पारदर्शी और परस्पर जुड़ा हुआ बनाया जाए, ताकि हर डिग्री की प्रामाणिकता एक क्लिक पर जांची जा सके। अस्पतालों पर भी यह जिम्मेदारी तय हो कि वे नियुक्ति से पहले दस्तावेजों की स्वतंत्र जांच करें। इस रैकेट में शामिल विश्वविद्यालय और काउंसिल के अधिकारियों पर सख्त और त्वरित कार्रवाई हो जो मिसाल बन सके। स्वास्थ्य का मामला जीवन और मृत्यु का है। एक फर्जी डॉक्टर सिर्फ कानून नहीं तोड़ता, वह भरोसे की उस डोर को काटता है जिस पर चिकित्सा व्यवस्था टिकी है।