28 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Opinion / शरीर ही ब्रह्माण्ड: मां का अन्न जीवनी शक्ति

शरीर ही ब्रह्माण्ड: मां का अन्न जीवनी शक्ति

गर्भस्थ शिशु का सूक्ष्म शरीर और मां की सृष्टि की दिव्यता। यह कार्य कोई अन्य शक्ति नहीं कर सकती। मां का माया रूप यहां पर कार्य करता दिखाई पड़ता है। राग भी और द्वेष भी। निर्माण भी -संहार भी। सन्तान के मन का निर्माण करती है।
4 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Gulab Kothari

•

image

गुलाब कोठारी

•

Updated: 28 Nov 2026, 1:10 PM IST

शरीर ही ब्रह्माण्ड- मां का अन्न जीवनी शक्ति

फोटो: पत्रिका

जहां दो हैं वहां हिंसा है। अकेला कोई रह नहीं सकता - न अग्नि, न ही सोम। तब क्या अग्नि में सोम की आहुति हिंसा है? क्या सृष्टि निर्माण के क्रम को हिंसक कह देना चाहिए? दो में से एक का बलवान और दूसरे का निर्बल होना भी हिंसा का कारण बन जाता है। प्रकृति का सिद्धान्त है—'सर्वमिदमन्नं सर्वमिदं अन्नाद:।' जो मुझे उत्पन्न करता है, अन्तत: वही मुझे खा जाता है। मैं उसका अन्न बन रहा हूं। और उस खाते हुए को मैं भी खा रहा हूं। 'स्वस्वरूप-संरक्षणपूर्वक परस्वरूप-संरक्षणकर्म’ वाले अहिंसाबीज का स्वरूप ही आधार बनता है। अहिंसा का भी (सत्य की तरह) सुसूक्ष्म प्राण तत्व से ही सम्बन्ध है। कुछ ऐसे हिंसा कर्म हैं, जिनसे हम स्वास्थ्य लाभ करते हैं। अत: ऐसी हिंसा भी अहिंसा ही मानी जाएगी। साथ ही ऐसे भी अहिंसात्मक करुणाभाव हैं, जिनसे मानव का स्वरूप ही नष्ट हो जाता है। ऐसी अहिंसा भी हिंसा ही कहलाएगी। स्थूल दृष्टि से हिंसा - अहिंसा का निर्णय नहीं हो सकता है।

राग-द्वेष हिंसा के दो बड़े कारण हैं। राग- लोभ, तृष्णा, परिग्रह के भी जनक हैं और वासना के भी। वासना भी एक कामना का ही प्रकार है। लोभ ही भय का जनक है। लोभ से राग, राग से भय। अधिकांश व्याधियां भाव से पैदा होती हैं। मन पैदा होता है, किन्तु बाहर से। भाव का स्रोत भीतर होता है। मन हमारे चित्त के द्वारा पैदा किया हुआ तंत्र है। बीमारी भावात्मक होती है। आचार्य महाप्रज्ञ ने लिखा है कि बीमारी की अग्रिम सूचना आभा मण्डल देता है जो शरीर का अंग नहीं है। यदि भाव शुद्ध है तो कोई बड़ी बीमारी नहीं हो सकती। बड़े रोगों का स्रोत है आसक्ति (राग-द्वेष)। इनसे भावात्मक संवेग पैदा होते हैं।

जब भाव तंत्र शक्तिशाली बन जाता है, वह कोई उत्तेजना पैदा नहीं कर सकता। संवेग पैदा नहीं कर सकता। तब शरीर भी ऐसे स्त्रावों का निर्माण कर देता है जो शरीर का पोषण करते हैं। जीवन एक विराट शक्ति तंत्र का जाल है। यहां एक अणु भी पहाड़ जैसे बढ़ सकता है। प्रकृति के नियम भी सर्वत्र समान रूप से लागू होते हैं, अत: एक स्थान की क्रियाएं अन्यत्र भी होती जान पड़ती हैं। प्रत्येक प्राणी में एक ही आत्म-तत्व प्रतिष्ठित रहता है। कर्मों के अनुसार शरीर बदलता रहता है।

वासांसि जीर्णानि यथा विहाय नवानि गृह्णाति नरोऽपराणि।
तथा शरीराणि विहाय जीर्णान्यन्यानि संयाति नवानि देही॥

गीता 2/22 ॥
अर्थात् - सभी 84 लाख योनियां मानवयोनि के पुराने-नए कपड़ों की तरह ही हैं। कर्मों के फल रूप प्राप्त होती हैं। इसका दूसरा पक्ष भी ऐसा ही है—'ममैवांशो जीवलोके जीवभूत सनातन:।' (गीता 15/7)
सभी 84 लाख योनियां ईश्वर प्रतिष्ठित हैं। सबके आत्मा में एक ही ब्रह्म है। वही कर्मात्मा पुरुष में है, वही भोगात्मा प्राणी में है। तब एक तथ्य तो सिद्ध हो ही जाता है कि हर प्राणी में सभी सिद्धान्त समान रूप से लागू होते हैं। पृथ्वी लक्ष्मी है, विष्णुपाद है, पंचमहाभूतों से निर्मित है। पृथ्वी-लक्ष्मी-स्त्री सभी पर्याय शब्द हैं। तब क्या श्री सूक्त (लक्ष्मी एवं सरस्वती), पृथ्वी सूक्त, वाक् सूक्त इन सभी तत्वों पर लागू नहीं होते। इन सूक्तों के सभी मंत्र क्या मानव स्त्री पर घटित नहीं होते। हाँ, होते हैं। तीनों के कर्मों में भी समानता है। तीनों में मातृत्व है, निर्माण - पोषण की क्षमता है।

कर्मों का आधार प्रकृति—सत्व, तम, रज है और परिणाम आकृति है। लक्ष्मी स्वयं में सत्वगुणा है, सरस्वती रजोगुणा तथा काली तमोगुणा। शक्ति स्वरूप में तीनों लक्षण उपलब्ध हैं। शक्ति स्रष्टा - पालक - संहारक भी है। स्त्री का शोणित क्षेत्र जन्म का, दुग्ध क्षेत्र पालक-पोषक का, तथा अश्रु क्षेत्र विदाई का कहा जा सकता है। इसका स्वभाव दाह्य है। दुग्ध भी सन्तान के अनुसार तैयार होता है। लड़के-लड़की के लिए अलग-अलग। बच्चा बीमार हो जाये तो इसकी सूचना भी मां के शरीर में स्तनों के माध्यम से पहुंच जाती है। रोग के अनुसार शरीर नया दूध तैयार कर देता है। दूध औषध बन जाता है। यह है मां की शक्ति।

माँ अन्न है - शोणित रूप में स्थूल शरीर निर्मित करती है। जो अन्न मां ग्रहण करती है, वही अन्न सन्तान के लिए जीवन भर औषध का कार्य करता है। अन्न बदलते ही शरीर में भी बदलाव आने लगते हैं। शोणित का मूल घटक अग्नि प्राण होता है जो पारदर्शिता का रोधक प्राण है। सम्पूर्ण शरीर जीवात्मा का आवरण ही होता है। पृथ्वी और चन्द्रमा मिलकर शरीर का निर्माण करते हैं। शरीर के सप्त धातु पृथ्वी से, ओज अंतरिक्ष से, तथा मन चन्द्रमा से बनता है। अन्न के माध्यम से।

अन्न से बना मन वैसे ही विचारों का आश्रय बनता है, जैसा कि अन्न का स्वरूप रहा है। अन्न सात्विक है तो मन में विचार भी सात्विक ही उठेंगे। सभी ज्ञानेन्द्रियां अपने-अपने विषयों पर सकारात्मक भाव मन तक पहुंचायेंगी। इसी से सूक्ष्म शरीर का निर्माण होता है। यहीं पर मन-प्राण-वाक् रूप आत्मा प्रतिष्ठित रहता है। यहीं पर हृद्-प्राण रूप ब्रह्मा-विष्णु-इन्द्र नामक आग्नेय अक्षर प्राण कार्य करते हैं। ये हमारे निमित्त कारणों का क्षेत्र है। यहीं पर आगे से कारण शरीर जुड़ा रहता है। यहां प्रारब्ध रहता है। यह हमारे जीवन से पूर्णतया स्वतंत्र क्षेत्र है। पूर्व कर्मों के फल यहां नियोजित होते हैं। सूक्ष्म शरीर में वर्तमान अन्न-प्रभावित विचारधारा से युक्त होकर जीवन का संचालन करते हैं।

सारा संचालन मां करती है। सारा नियंत्रण मां करती है। मूल में क्रियाओं का मुख्य केन्द्र सूक्ष्म शरीर (परा प्रकृति) ही है। मां भी यहां सन्तान के आत्मा से जुड़ी रहती है। गर्भस्थ शिशु का स्थूल शरीर तो बनता जा रहा है—अन्न से, त्वष्टा नामक आदित्य प्राण से। गर्भस्थ शिशु का प्राण शरीर पूर्व जन्म के संस्कारों से आवृत्त रहता है। मां इन आवरणों को दूर करती है। मां का सरस्वती स्वरूप नाद ब्रह्म रूप में नए निर्माण का कार्य करता है। यहाँ कोई साधन काम नहीं आता। कोई माध्यम नहीं संवाद का।

गर्भस्थ शिशु का सूक्ष्म शरीर और मां की सृष्टि की दिव्यता। यह कार्य कोई अन्य शक्ति नहीं कर सकती। मां का माया रूप यहां पर कार्य करता दिखाई पड़ता है। राग भी और द्वेष भी। निर्माण भी - संहार भी। सन्तान के मन का निर्माण करती है। अपना ममत्व उंडेलती है। यहां मां के मन में अनेक द्वन्द्व उठते रहते हैं। सबसे बड़ा द्वन्द्व है ऋणानुबन्ध। उसे इस जीवात्मा के साथ आगे चलकर कैसा व्यवहार करना है।

ऋणानुबन्ध एक भयानक आदान-प्रदान भी हो जाता है, यदि इस शिशु का प्रारब्ध नकारात्मक होता है। यदि मां को ही बच्चे की हत्या करनी पड़े तो मां का व्यवहार अति गोपनीय होगा। कन्या भू्रण हत्या एक आम बात होती थी कभी। मां को कन्या की जानकारी तो हो ही जाती है। तब राग-द्वेष का संघर्ष साधारण नहीं होता। कई माताएं बड़े लड़कों की, यहाँ तक कि अपनी सन्तानों की, हत्या कर देती है। इन कर्मों के बीज यहीं बोये जाते हैं। शिक्षित - प्रशिक्षित मां यहां पर यदि अहिंसा के बीज बो सके तो सम्पूर्ण समाज और सम्पूर्ण देश भी हिंसा मुक्त वातावरण की ओर बढ़ सकता है।