25 दिसंबर 2025,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आपकी बात, आपदा प्रबंधन तंत्र को कैसे मजबूत किया जा सकता है?

 पाठकों की मिलीजुली प्रतिक्रियाएं मिलीं, पेश हैं चुनिंदा प्रतिक्रियाएं

2 min read
Google source verification

आधुनिक संसाधन हैं जरूरी
आपदा प्रबंधन तंत्र को आधुनिक संसाधनों से लैस किया जाना चाहिए। इसमें प्रशिक्षित श्रम शक्ति को ही कार्य करने का अवसर मिलना चाहिए। आपदा प्रबंधन का प्राथमिक ज्ञान जन सामान्य को भी होना चाहिए।
—ललित महालकरी, इंदौर
...........

​विशेषज्ञों की टीम जरूरी
आपदा से निपटने के लिए जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर  पर विशेषज्ञों की टीम होनी चाहिए। संचार और परिवहन के साधन भी आपदा को ध्यान में रखकर विकसित करने चाहिए। आपदा प्रबंधन पर रिसर्च होनी चाहिए। समय-समय पर मॉक ड्रिल भी होनी चाहिए। हर प्रकार की आपदा के लिए विशेषज्ञ व बहु प्रशिक्षित मानव संसाधन आवश्यक है।
—माधव सिंह, श्रीमाधोपुर, नीमकाथाना
.........

बढ़ाया जाए बजट
आपदा प्रबंधन में वार्षिक  बजट में बढ़ोतरी कर नवीन उपकरण व संसाधनों की वृद्धि की जाए। जिला व तहसील स्तर पर आपदा प्रबंधन तंत्र विकसित किया जाए। जैविक व रासायनिक आपदाओं से निपटने के लिए भी तैयारी हो होनी चाहिए।  
—अर्चना, सीकर
..............

मौसम विभाग की भी जिम्मेदारी
आपदा प्रबंधन तंत्र को सुचारू रूप से चलाने के लिए आपदा के कारणों को समझने का प्रयास करना चाहिए। जैसे कि जलवायु परिवर्तन और लोगों की बदलती जीवनशैली का वातावरण पर प्रभाव आदि। आपदा की जानकारी के लिए मौसम विभाग के सूचना तंत्र को सक्रिय करना चाहिए, ताकि लोग सावधान हो सकें।  
हीना कांटिवाल, श्रीकरणपुर, श्रीगंगानगर
..............

तुरंत शुरू किए जाएं बचाव और राहत कार्य
भूकंप,भूस्खलन  या बाढ़ जैसे हालात होने पर तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किए जाएं। इसके साथ ही मौसम के पूर्वानुमान की जानकारी समय पर लोगों को दी जाए, ताकि सुरक्षा और बचाव कार्य के पुख्ता इंतजाम हो सकें।
—निर्मला देवी वशिष्ठ, राजगढ़, अलवर
.....

स्कूलों में दी जाए आपदा प्रबंधन की जानकारी
विद्यालय पाठ्यक्रम में शैक्षिक विषयों के साथ अनेक सह शैक्षिक गतिविधियां भी शामिल रहती हैं। इनमें खेल सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी, पर्यटन, वाद विवाद, सड़क सुरक्षा, नागरिक सुरक्षा, समसामयिक विषयों पर चर्चा के साथ ही आपदा प्रबंधन को भी शामिल किया जाए। अधिकांश प्राकृतिक आपदाएं मानव जनित क्रिया की प्रतिक्रिया होती हैं। इसलिए बच्चों को पर्यावरण के बारे में भी जागरूक किया जाए।
—पी.सी. खंडेलवाल, सांभर लेक, जयपुर
............

जरूरी है पूर्व तैयारी
आपदा प्रबंधन को मजबूत करने के लिए जरूरी है कि सरकारें आपदाओं की रोकथाम के उपाय आपदाओं के आने के पहले ही करें। पूर्व तैयारी होने पर नुकसान कम होगा।
— ओमप्रकाश श्रीवास्तव, उदयपुरा, मध्यप्रदेश
.....................

लोगों को प्रशिक्षित किया जाए
प्राकृतिक आपदाएं बढ़ गई है जिसके कारण व्यापक हानि हो रही है। आपदाओं का सामना करने के लिए स्थानीय लोगों को न केवल प्रशिक्षित करने की आवश्यकता है बल्कि गंभीर स्थिति से बचने के लिए सूचना तंत्र को मजबूत करने की भी आवश्यकता है। विस्थापितों को पुनर्वास के लिए भी पूर्व तैयारी की आवश्यकता है। विकास कार्य करने के साथ पर्यावरण को ध्यान में रखना चाहिए।
—हरिप्रसाद चौरसिया ,देवास, मध्यप्रदेश
......

जरूरी है जागरूकता
आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत करने के लिए आपदा प्रबंधन तंत्र में लगे कर्मचारियों को समय समय पर प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए, जिससे वो आने वाली आपदा का प्रबंधन अच्छे ढंग से कर सके।
आपदा प्रबंधन को लेकर आम जनता को भी जागरूक करना चाहिए।
अशोक साऊ, अजासर, फलोदी
....