
आपकी बात, विभिन्न राज्यों के बीच जल विवादों का हल अब तक क्यों नहीं हो पाया है?
कानून में खामियां
अंतरराज्यीय नदी जल विवाद अधिनियम के तहत अंतरराज्यीय नदी जल विवादों को निपटाने के लिए अधिकरण बनाने का प्रावधान है। अधिकरण का निर्णय सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के बराबर महत्व रखता है। पर इस कानून में बहुत कुछ खामियां है। खासकर अधिकरण के गठन तथा इसके फैसले की कोई समय सीमा निश्चित नहीं है। इसके के कारण लंबे समय तक अधिकरण का गठन नहीं होता है तथा अधिकरण अपना फैसला काफी विलंब से देता है। राज्यों की आपसी सहमति से ही इस तरह के विवादों को सुलझाना ठीक है।
-लहर सनाढ्य, उदयपुर
....................
सामंजस्य का अभाव
भारत जैसे विविधतापूर्ण और बड़ी आबादी वाले देश में बार-बार उत्पन्न होने वाले जल विवाद विभिन्न राज्यों के लिए चुनौती बन रहे हैं। ये विवाद तनाव तो उत्पन्न करते ही हैं, राज्यों की प्रगति में बाधा भी बन जाते हैं। राज्यों के बीच सामंजस्य के अभाव के कारण जल विवादों का हल नहीं हो पाया है। राजनीति के कारण भी विवाद नहीं सुलझ पा रहे। -सुनील पारीक, भांकरी, कोटपूतली
.............
विशेष कार्य योजना जरूरी
जल विवादों का हल निकालने के प्रति कोई भी गंभीर नहीं है, जिसके कारण आम जनता को दिक्कत आ रही है। विभिन्न राज्यों के बीच जल विवादों का हल निकालने के लिए विशेष कार्य योजना जरूरी है। आपसी सामंजस्य स्थापित कर जल विवादों का हल निकालना चाहिए।
-आलोक वालिम्बे, बिलासपुर, छत्तीसगढ़
......
एक दूसरे पर दोषारोपण राज्यों में विवाद इसलिए है क्योंकि कोई पीछे हटने के लिए राजी ही नहीं होता। सब एक दूसरे की गलती निकालते हैं लेकिन सब्र कोई नहीं रखना चाहता।
-प्रियव्रत चारण, जोधपुर
...........
वोटबैंक की राजनीति हमारी बहुदलीय लोकतांत्रिक व्यवस्था में विवाद राजनीतिक लामबंदी के कारण बन गए हैं। समाधान में अत्यधिक देरी अक्सर विवादों को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती है। राजनीतिक दल अक्सर विवादों को बढ़ाने के लिए भावनाओं का सहारा भी लेते हैं। जल और राजनीति के बीच बढ़ते गठजोड़ ने इन विवादों को वोट बैंक की राजनीति में बदल दिया है।
-डॉ.अजिता शर्मा, उदयपुर
.............
अपना अपना हित राज्यों में अलग-अलग दल की सरकारें होती हैं। नेता अपने अपने हित साधने मे लगे रहते हैं। अलग दल की सरकारें होने की वजह से वैचारिक मतभेद भी होते हैं। इसी वजह से जल विवाद हल नहीं हो पा रहे हैं। -लता अग्रवाल, चित्तौडग़ढ़
........................
निहित स्वार्थ भी वजह विभिन्न राज्यों के बीच नदी जल विवाद आपसी सामंजस्य और सर्व सम्मत हल नहीं निकल पाने के कारण लंबित रह जाते हैं। राज्यों के अपने-अपने निहित स्वार्थ होते हैं। इस कारण से मामला उलझ जाता है। केंद्र सरकार न को इस संबंध में जल विशेषज्ञों की समिति गठित कर जनहित में गाइडलाइन जारी करनी चाहिए। -ललित महालकरी, इंदौर
..................
इच्छाशक्ति का अभाव
राज्यों के बीच कई जल विवादों का हल अब तक नहीं होने की मुख्य वजह राजनीतिक इच्छाशक्ति का अभाव लगता है। केंद्र और राज्यों में अलग-अलग दलों की सरकार होना भी समाधान में बाधक है।
-शिवजी लाल मीना, जयपुर
Published on:
27 Sept 2023 05:40 pm
बड़ी खबरें
View Allओपिनियन
ट्रेंडिंग
