Asian Games 2023: एशियन गेम्स 2023 में भारतीय टीम के अभियान के तीसरे दिन आज भारत के खाते में एक और मेडल जुड़ गया है। आज भारत की नेहा ठाकुर ने महिला डिंगी नौकायन (सेलिंग) में रजत पदक जीता है।
Asian Games 2023: एशियन गेम्स 2023 में भारतीय टीम के अभियान का आज तीसरा दिन है। भारत ने पहले दो दिन 2 गोल्ड के साथ कुल 11 मेडल अपने नाम किए थे। वहीं, आज तीसरे दिन भारत के खाते में एक और मेडल जुड़ गया है। आज भारत की नेहा ठाकुर ने महिला डिंगी नौकायन (सेलिंग) में रजत पदक जीता है। इसके साथ ही भारत के नाम अब दो गोल्ड समेत कुल 12 मेडल हो गए हैं। भारत के खाते में पहले दिन 5 तो दूसरे दिन 6 पदक आए थे। आज तीसरे दिन नेहा ठाकुर भारत का खाता खोला है।
एशियन गेम्स के तीसरे दिन भारत की शानदार शुरुआत रही है। भारत की महिला टीम ने स्क्वैश में पाकिस्तान को 3-0 से हराया है। महिला स्क्वैश टीम में तन्वी खन्ना, जोशना चिनप्पा और अनाहत सिंह शामिल रही। अनाहत ने पाकिस्तान की सादिया गुल को 11-6, 11-6 और 11-3 से हराते हुए 3-0 से जीत हासिल की। फिर दूसरे मुकाबले में जोशना ने पाकिस्तान की नूर उल हक सादिया को 3-0 से हराया। आखिरी मुकाबले में तन्वी ने भी 3-0 से जीत हासिल की।
वहीं, एशियन गेम्स में भारतीय हॉकी टीम ने आज मंगलवार को भी शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए 16-1 से जीत दर्ज की। भारतीय टीम ने रविवार को अपने पहले मैच में उज्बेकिस्तान के खिलाफ 16-0 से एकतरफा जीत दर्ज की थी। वहीं, आज सिंगापुर के खिलाफ भी भारत ने 16 गोल दागे। जबकि विपक्षी टीम महज एक ही गोल कर सकी। भारत के लिए हरमनप्रीत सिंह ने 4 गोल किए तो मंदीप सिंह ने भी गोल की हैट्रिक लगाई।