
ज्योति सुरेखा वेन्नम ने शनिवार को विश्व तीरंदाजी में अपना तीसरा स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। ज्योति ने मैक्सिको की एंड्रिया बेसेरा को 146(9*)-146(9) से हराकर महिला व्यक्तिगत कंपाउंड वर्ग में स्वर्ण पदक जीता है। वह दीपिका कुमारी (एस3, 2021) के बाद एक ही विश्व कप चरण में तीन स्वर्ण पदक जीतने वाली दूसरी भारतीय तीरंदाज बन गई हैं। इससे पहले उन्होंने कंपाउंड मिश्रित और महिला कंपाउंड टीम में स्वर्ण पदक जीते थे।
वह सारा लोपेज (एस2, 2016) और सारा सोनिचसेन (एस2, 2017) के बाद तिहरा (एक ही सीज़न में तीन पदक) जीतने वाली तीसरी कंपाउंड महिला तीरंदाज बन गईं। इसके साथ ही ज्योति ने त्लाक्सकाला में होने वाले तीरंदाजी विश्व कप फाइनल के लिए भी अपना टिकट पक्का कर लिया है।
अभिषेक वर्मा और ज्योति सुरेखा वेन्नम की डायनामिक भारतीय कंपाउंड मिश्रित टीम ने शनिवार को यहां शंघाई विश्व कप में एस्टोनिया के रॉबिन और लिसेल जाटमा को 158-157 से हराकर भारत के लिए तीसरा स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले दिन में प्रथमेश फुगे, प्रियांश और अभिषेक वर्मा की भारतीय पुरुष कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने नीदरलैंड को 238-231 से हराकर दूसरा स्वर्ण पदक जीता था।
पुरुष कंपाउंड टीम 2011 ट्यूरिन विश्व कप में टीम यूएसए द्वारा बनाए गए विश्व रिकॉर्ड से केवल 1 अंक से चूक गई। इससे पहले, परनीत कौर, अदिति स्वामी और ज्योति सुरेखा वेन्नम की विश्व चैंपियन भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने शिखर मुकाबले में इटली को 236-225 के स्कोर के साथ हराकर भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीता था।
Published on:
27 Apr 2024 02:50 pm
बड़ी खबरें
View Allअन्य खेल
खेल
ट्रेंडिंग
