
Paralympic Games 2024: फ्रांस की राजधानी पेरिस 28 अगस्त से पैरालंपिक खेलों की मेजबानी करेगी। यह पहली बार है जब पेरिस में इन खेलों का आयोजन होगा। पैरालंपिक खेलों के आयोजन की शुरुआत 1960 में इटली की राजधानी रोम से हुई थी, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इन खेलों की सबसे सफल एथलीट कौन है? यह अमरीका की पूर्व महिला तैराक ट्रिस्चा जोर्न हैं, जिन्होंने रेकॉर्ड 52 पदक जीते हैं। इसमें 37 स्वर्ण, 10 रजत और 5 कांस्य पदक शामिल हैं। यह किसी भी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में किसी एक एथलीट के नाम सर्वाधिक पदक हैं।
60 वर्षीय ट्रिस्चा अभी कैलोफोर्निया में रहती हैं। उन्होंने पहली बार 1984 पैरालंपिक खेलों में शिरकत की और सात स्वर्ण पदक जीते। आखिरी बार उन्होंने 2004 एथेंस पैरालंपिक में प्रतिस्पर्धा की और सिर्फ एक कांस्य पदक हासिल किया। इस तरह उन्होंने कुल सात पैरालंपिक खेलों में भाग लिया।
ट्रिस्चा को जन्म से ही एनिरिडिया नाम की बीमारी थी। यह आंख के विकास के लिए जिम्मेदार पीएएक्स6 जीन में खराबी के कारण होती है। जिसके कारण आंख समय से पहले ही विकसित होना बंद हो जाती है। ट्रिस्चा पैरालंपिक तैराकी में एस-12, एसबी-12 और एसएम-12 श्रेणियों में प्रतिस्पर्धा करती थीं।
ट्रिस्चा ने 1988 सियोल पैरालंपिक खेलों में इतिहास रचा और सर्वाधिक 12 स्वर्ण पदक जीते। यह किसी टूर्नामेंट में किसी एक एथलीट का सबसे ज्यादा स्वर्ण पदक जीतने का रेकॉर्ड है।
Published on:
27 Aug 2024 08:23 am
