
Glasgow Commonwealth Games 2026: 23वें राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन अगले साल 23 जुलाई से 2 अगस्त तक स्कॉटलैंड के शहर ग्लास्गो में होगा। ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजकों ने मेडल इवेंट प्रोग्राम के दौरान घोषणा की, कि इन खेलों में 200 से ज्यादा स्वर्ण पदक दांव पर होंगे। साथ ही एथलेटिक्स में दो नई स्पर्धाओं को भी शामिल किया गया है। इस बार 4 गुणा 400 मीटर मिश्रित रिले और कॉमनवेल्थ मील स्पर्धाओं में भी एथलीट पदक के लिए जोर लगाएंगे। कॉमनवेल्थ मील रेस को 1500 मीटर रेस के स्थान पर शामिल किया गया है। साथ ही पैरा खेलों में भी इस बार ज्यादा पदक दांव पर होंगे।
खेलों से 1500 मीटर दौड़ को हटाना आश्चर्यजनक फैसला माना जा रहा है, जबकि इस स्पर्धा में स्कॉटलैंड के जोश केर और लॉरा मुइर ओलंपिक पदक जीत चुके हैं। बावजूद इसके आयोजकों ने कॉमनवेल्थ मील स्पर्धा को शामिल किया है। कॉमनवेल्थ मील रेस अंतिम बार 1966 में जमैका में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में हुई थी। आयोजकों ने बताया कि काॅमनवेल्थ मील में करीब 1609 मीटर की दूरी तक एथलीटों को दौड़ना होता है। विश्व एथलेटिक्स के अध्यक्ष सेबेस्टियन को ने भी इस स्पर्धा की वापसी का स्वागत किया। उन्होंने कहा, यह एथलेटिक्स की बेहतरीन स्पर्धा है।
ग्लास्गो खेलों में तैराकी, ट्रैक साइक्लिंग और पैरा खेलों में पदकों की संख्या बढा़ई गई है। यहां के टोलक्रॉस इंटरनेशनल स्विमिंग सेंटर में 56 स्वर्ण पदक दाव पर होंगे। तैराकी में पुरुषों की 800 मीटर और महिलाओं की 1500 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा को पहली बार शामिल किया गया है। सर क्रिस होय वेलोड्रोम में साइक्लिगं में कुल 26 स्वर्ण पदकों के लिए मुकाबला होगा, जिसमें से आठ पैरा-ट्रैक साइक्लिंग स्पर्धाएं होंगी।
हालांकि 2022 में बर्मिंघम में हुए राष्ट्रमंडल खेलों की तुलना में इस बार पदक स्पर्धाएं कम हाेंगी। दरअसल पहले इन खेलों की मेजबानी ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया शहर को सौंपी गई थी, लेकिन अत्यधिक बजट के कारण वह 2023 में मेजबानी से पीछे हट गया था। तब ग्लास्गो ने इन खेलों की मेजबानी करने की इच्छा जताई थी। लेकिन समय की कमी और बजट के अभाव में अगले साल होने वाले खेलों में 10 खेल ही होंगी, जबकि 2022 में 19 खेल हुए थे।
Published on:
10 Feb 2025 09:02 am
बड़ी खबरें
View Allअन्य खेल
खेल
ट्रेंडिंग
