
यूट्यूब पर ट्रेंड हुआ बैरण गाना (Photo Source- Banjaare Official Video)
Youtube most viewed song: मनोरंजन की दुनिया में अक्सर बड़े सितारों और भारी-भरकम बजट वाली फिल्मों के गानों का बोलबाला रहता है। हाल ही में आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर 2' रिलीज हुई और उम्मीद के मुताबिक इसके गाने चार्टबस्टर पर छा गए। लेकिन, अचानक हर कोई हैरान रह गया जब संगीत की दुनिया में एक ऐसा गाना आया जिसने 'धुरंधर' के गाने को भी मात दे दी। इसने बड़े-बड़े सितारों और म्यूजिक कंपनियों के होश उड़ा दिए हैं। इस गाने में न कोई हीरो है, न हीरोइन और न ही इसे किसी बड़े फिल्म स्टूडियो ने प्रमोट किया है।
इस वायरल गाने का नाम है 'बैरण'। महज 2 मिनट 30 सेकंड के इस गाने ने यूट्यूब और इंस्टाग्राम रील्स पर वो तहलका मचाया है कि इसने व्यूज के मामले में 'धुरंधर 2' जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स के गानों को भी पीछे छोड़ दिया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस गाने को किसी एक्टर पर नहीं फिल्माया गया है, बल्कि यह एक एनिमेटेड लव स्टोरी है। इसकी सादगी और दिल छू लेने वाले संगीत ने लोगों को ऐसा दीवाना बनाया कि रिलीज के मात्र 2 महीने के भीतर ही इसने रिकॉर्ड तोड़ दिए।
'बैरण' को 'बंजारा' नाम के एक यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया गया था। बिना किसी शोर-शराबे और मार्केटिंग के, इस गाने को अब तक 148 मिलियन (14 करोड़ से ज्यादा) व्यूज मिल चुके हैं। यह साल 2026 के अब तक के सबसे ज्यादा देखे गए म्यूजिक वीडियोज की लिस्ट में शामिल हो गया है। जहां फिल्मी गानों को हिट कराने के लिए करोड़ों रुपये पानी की तरह बहाए जाते हैं, वहीं इस हरियाणवी गाने ने अपनी कहानी और सुरों के दम पर बाजी मार ली है।
इस गाने की सफलता के पीछे दो भाइयों, सुमित और अनुज की कड़ी मेहनत और एक दिलचस्प कहानी छिपी है। मेकर्स ने खुलासा किया कि शुरुआत में उन्होंने इस गाने का एक प्रॉपर म्यूजिक वीडियो शूट किया था, लेकिन जिस टीम पर उन्होंने भरोसा किया, उन्होंने बहुत ही खराब क्वालिटी का वीडियो बनाकर दिया। भाइयों ने हिम्मत नहीं हारी और उस वीडियो को रिजेक्ट कर दिया। अंत में उन्होंने फैसला किया कि वे इस गाने को एनिमेशन के साथ रिलीज करेंगे। बिना किसी उम्मीद के उन्होंने इसे यूट्यूब पर डाला और देखते ही देखते यह हरियाणवी गाना नेशनल क्रश बन गया।
आज आलम यह है कि इंस्टाग्राम पर हर दूसरी रील इसी गाने पर बन रही है। 'बैरण' की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि अगर कंटेंट में दम हो और संगीत रूह को छू जाए, तो दर्शकों को किसी बड़े सुपरस्टार के चेहरे की जरूरत नहीं होती।
Updated on:
12 May 2026 07:43 am
Published on:
12 May 2026 07:43 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
