
पाली जिले के गुड़ा एंदला व शिवपुरा दो ऐसे पुलिस थाने है, जो फरियादी की पहुंच से काफी दूर है। हाइवे की बजाय ये थाने गांवों की तंग गलियों के बीच है। फरियादी को थाने तक पहुंचने के लिए हाइवे से अन्दर का सफर तय करना पड़ता है। इसका खामियाजा कई बार फरियादियों को भुगतना पड़ता है। कारण ये कि कई बार पुलिस मौकों पर देरी से पहुंच पाती है। इन थानों को फोरलेन पर लाने के लिए तैयार की गई फाइले भी ठंडे बस्ते में पड़ी है। सोजत वृत्त का शिवपुरा थाना हाइवे से करीब 22 किलोमीटर व पाली ग्रामीण का गुडा एंदला थाना हाइवे से 4 किलोमीटर दूर गांवों में स्थित है। सड़क़ हादसे, मादक पदार्थों की तस्करी, माइनिंग एरिया, गांवों का क्राइम, रात्रि के समय आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने, रात्रि गश्त करने के लिए यह फोरलेन पर जरूरी है।
@ गुड़ा एंदला थाना
गुदोज. पाली ग्रामीण पुलिस सर्कल का गुड़ा एंदला थाना लगभग सौ साल पुराने भवन में चल रहा है। गुड़ा एंदला थाना क्षेत्र के अंतर्गत 50 से अधिक गांव आते हैं। नए भवन के लिए जमीन भी आवंटित हो गई, लेकिन बजट जारी नहीं होने से नया भवन नहीं बन सका। गुड़ा एन्दला थाने को गुंदोज गांव पास हाइवे पर गुंदोज पुलिस चौकी के निकट पांच बीघा जमीन आवंटित की गई है। लेकिन बजट नहीं मिला, इस कारण नए भवन का काम शुरू नहीं हो पाया। थानाधिकारी सुमेरदान ने बताया कि थाने का भवन जर्जर अवस्था में है। हाइवे पर सडक़ हादसे व अन्य क्राइम की स्थिति में पुलिस को मौके पर पहुंचने से समय भी लगता है।
@ शिवपुरा थाना
सोजत. पुलिस थाना शिवपुरा लम्बे समय से गांव के भीतरी इलाके में होने के कारण फरियादियों को परेशानियों से गुजरना पड़ रहा है। थाना गांव के बीच में होने से यहां पहुंचने के लिए तंग गलियों से होकर गुजरना पड़ता है। थाना क्षेत्र के अंतर्गत लगभग 44 गांव आते हैं। थानाधिकारी राजेंद्र कुमार खदाव ने बताया कि सरदारसमंद हाइवे पर नया पुलिस थाना बनाने के लिए भूमि आवंटित करने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।
प्रयास किए जा रहे
थाने तो हाइवे पर ही होने चाहिए। इससे फरियादी आसनी से पुलिस तक पहुंच सकता है। शिवपुरा व गुडा़ एंदला थाना हाइवे से दूर है। इन दोनों थाने को हाइवे पर लाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
गगनदीप सिंगला, पुलिस अधीक्षक, पाली
Published on:
07 Aug 2023 09:05 pm
बड़ी खबरें
View Allपाली
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
