
विकास कार्यों का शिलान्यास करते कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत (फोटो-पत्रिका)
पाली। सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के चाणोद में आयोजित कार्यक्रम में रविवार को विकास कार्यों की झड़ी लग गई। कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने विभिन्न योजनाओं के तहत करोड़ों रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। मंत्री कुमावत ने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों में लापरवाही न बरतें, ताकि आमजन को अधिकतम लाभ मिल सके। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।
राजस्थान सरकार की बजट घोषणा 2024-25 के तहत चाणोद-गिरवर सड़क पर 10 करोड़ की लागत से हाई लेवल ब्रिज निर्माण का शिलान्यास किया गया। साथ ही 18 लाख रुपए की लागत से चाणोद-शाकम्भरी माताजी मार्ग पर पाइप पुलिया निर्माण तथा 46 लाख रुपए की लागत से एनएच-62 से आकदड़ा गांव तक 2 किमी सड़क सुदृढ़ीकरण एवं नवीनीकरण कार्य भी शुरू किया गया।
मंत्री कुमावत ने चाणोद बांध की मरम्मत कार्य का भी विधिवत शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि लगभग 5.25 करोड़ की लागत से बांध की मरम्मत कर उसे नया जीवन दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए बेहतर जल सुविधा मिल सकेगी। कार्यक्रम के दौरान मंत्री कुमावत ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया।
चाणोद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री कुमावत ने अस्पताल परिसर में विधायक कोष से 10 लाख रुपए की लागत से रंगीन ब्लॉक, स्कूल में सांसद कोष से 7 लाख रुपए की लागत से रंगमंच निर्माण तथा जिला परिषद कोष से 10 लाख रुपए की लागत से महाराणा प्रताप चौक से रैलिया मार्ग तक नाला निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
इसके अतिरिक्त बालिका स्कूल में 2.5 लाख रुपए की लागत से ओपन जिम, मीणों की ढाणी में 38 लाख रुपए की लागत से 50 केएल क्षमता का उच्च जलाशय निर्माण कार्य भी शुरू किया गया।
गांव के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देते हुए दाहियों के बास में 2.5 लाख, सिपाहियों के बास में 4.5 लाख, ब्रह्मपुरी में 4 लाख रुपए की लागत से नाली निर्माण कार्य तथा रामदेव मंदिर परिसर में 3.5 लाख रुपए की लागत से टीन शेड निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।
इस मौके पर किसान संघर्ष समिति अध्यक्ष जयेंद्र सिंह गलथनी, जिला उपाध्यक्ष पूनम सिंह परमार, पूर्व उप प्रधान जगत सिंह, हनुमान सिंह भाटी, प्रशासक जरावी देवी, इंद्र सिंह जाखोड़ा, शंकर सिंह राजपुरोहित, मुकेश मोदी सहित जल संसाधन विभाग के अधिकारी व अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Published on:
06 Apr 2026 06:05 am
बड़ी खबरें
View Allपाली
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
