6 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पाली

VIDEO : शांति व सौहार्द के साथ निकली गांवशाही गेर, आज बादशाह की सवारी

-जोधपुरिया वास बारी के बाद प्यारा चौक से गुजरी गेर-बादशाह व शहजादा आज बांटेंगे खर्ची

Google source verification

पाली

image

Suresh Hemnani

Mar 08, 2023

पाली। होली पर पाली शहर में गांवशाही गेर निकालने की परम्परा है। पुष्करणा समाज की गेर के जोधपुरिया वास की बारी से निकलने के बाद उसमें विभिन्न समाजों की गेरे शामिल हुई व गेर ने गांवशाही गेर का रूप ले लिया। गेर शांति व सौहार्द के साथ प्यारा चौक से निकली। इस पर गेर पास होने का ऐलान किया। गेर पास होने पर अब बुधवार को धानमण्डी चौक से बादशाह की सवारी निकाली जाएगी। जिसमें स्वांग रचे अग्रवाल समाज के बादशाह, माहेश्वरी समाज के शहजादा गुलाल के रूप में शहरवासियों को खर्ची बांटेंगे।

बादशाह की सवारी में पुष्करणा समाज का व्यक्ति बीरबल का स्वांग रचकर झण्डा लेकर अगवानी करेगा। पुष्करणा समाज की गेर के शाम को जोधपुरिया वास की बारी से बाहर आने के बाद धुसौ बाजे रे महाराज थारै मारवाड़ में…गीत व ढोल-ताशों की आवाज के साथ गांवशाही गेर आगे बढ़ी। जिसका प्यारा चौक पहुंचने पर मुस्लिम समाज की ओर से स्वागत किया।

धानमंडी चौक से निकाली जाएगी बादशाह का सवारी
शहर के प्यारा चौक से गांवशाही गेर पास होने के बाद बुधवार को धानमंडी चौक से बादशाह की सवारी निकाली जाएगी। बादशाह व शहजादा झण्डा लेकर आगे चलने वाले बीरबल के साथ खजाने के द्वार खोल देंगे। शहरवासियों को दिल खोलकर खर्ची देंगे।

बादशाह की सवारी में बादशाह व शहजादे का स्वांग रचे अग्रवाल व माहेश्वरी समाज के व्य क्ति दोपहर बाद धानमंडी चौक के मंच पर पहुंचेंगे। उनसे खर्ची लेने के लिए शहरवासियों की भीड़ उमड़ेगी। वे बीरबल के चौक में आने तक गुलाल के रूप में किसी को दस करोड़ तो किसी को पचास करोड़ रुपए की खर्ची बांटेंगे। मान्यता है कि बादशाह की ओर से बांटी जाने वाली खर्ची के अनुसार पूरे साल शहर का व्यापार चलता है। जिसको जितनी ज्यादा खर्ची मिलेगी। उसके घर में उसके अनुपात में धन वर्षां होगी। बादशाह की सवारी में बांटी जाने वाली खर्ची को लोग घरों व प्रतिष्ठानों में पूरे साल सहेज कर रखते हैं।

पूरे शहर से गुजरेंगे बादशाह
बादशाह के खर्ची बांटना शुरू करने के कुछ समय बाद पुष्करणा समाज की ओर से बीरबल बना व्य क्ति झण्डा लेकर आनन्द भैरू मंदिर के आगे से गुजरेगा। वहां से जूनी कचहरी के भीतर जाकर ध्वज को लहराया और इसके बाद बीरबल की अगवानी में बादशाह की सवारी शुरू होगी। जो सोमनाथ मंदिर, भैरूघाट, पानी दरवाजा, बादशाह का झण्डा, जर्दा बाजार, सर्राफा बाजार, बाईसी बाजार व घी का झण्डा होकर गुजरेगी। बादशाह की सवारी निकलने के अगले दिन पाली शहर के बाजार खुलेंगे।