
-पाली जिले के रास थाना पुलिस की देर रात बाद की कार्रवाही
पाली/बाबरा। रास थाना पुलिस ने बीती देर रात्रि बाद रास बस स्टैंड स्थित सरहद में अफीम दूध बरामद कर बाइक सवार तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। प्रारम्भिक पूछताछ में अवैध अफीम का दूध चित्तौडगढ़़ के छोटी सादड़ी से लेकर जोधपुर जिले के लोहावट क्षेत्र में सप्लाई करने जा रहे थे।
रास थानाप्रभारी प्रेमप्रकाश ने बताया कि देर रात करीब डेढ़ बजे ब्यावर-मेड़ता राजमार्ग स्थित रास बस स्टैंड के पास पुलिस चौकी रास के सामने वाले मुख्य मार्ग पर ब्यावर की ओर से आ रही एक ही मोटर साइकिल पर सवार तीन जनें तेज गति से मोटर साइकिल को भगाकर ले जा रहे थे। पुलिस ने बाइक सवार को रोकने का इशारा किया, लेकिन वे बाइक को और तेज गति से दौड़ा कर ले जाने लगे। इस पर पुलिस ने बाइक का पीछा कर बाइक सवार तीन जनों को दबोच लिया।
इस पर पुलिस ने जोधपुर जिले लोहावट के जम्भेश्वर नगर के रामो की ढाणी निवासी बाइक सवार आरोपी भजनलाल (22) पुत्र ओमप्रकाश विश्नोई, परसाराम (19) पुत्र मोहनलाल विश्नोई व जोधपुर जिले के लोहावट के चौखाणियो की ढाणी निवासी सोमराज (21) पुत्र पप्पुराम विश्नोई को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपितों के पास रखे एक बैग की तलाशी ली तो बैग के अंदर पॉलीथिन की थैली में रखा दो किलोग्राम अफ़ीम का अवैध दूध बरामद कर तीनों आरोपितों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बिना नंबर प्लेट की प्रयुक्त एक बाइक की भी जब्त की है।
इन्होंने की कार्यवाही
बाइक सवार तीनों तस्करों से 2 किलोग्राम अफ़ीम का अवैध दूध बरामद करने के लिए रास थाना पुलिस प्रेमप्रकाश, मुख्य आरक्षी उमराव खान, आरक्षी संदीप कुमार यादव, आरक्षी सुरेन्द्र चौधरी व आरक्षी रामपाल मय जाब्ते ने बाइक सवार तीनों तस्करों को दबोच लिया।