अजयगढ़. नगर के सरकारी कॉलेज परिसर में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में पूरे दिन विवाह कार्यक्रम चलता रहा। इसमें हजारों की संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन में २९५ जोड़ों के विवाह हिंदू विवाह पद्धति से कराए गए, जबकि तीन मुश्लिम जोड़ों का निकाह पढ़ा गया। विवाह के बाद विदाई का क्रम दोपहर से शुरू हुआ तो देर शाम तक चला। विवाह समारोह में मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह और अन्य जिला प्रशासन और स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों ने शामिल होकर नव विवाहित जोड़ों को आर्शीवाद प्रदान किया।
विवाह कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह ९ बजे से ही हो गया था। रविवार को पूरा दिन और रात में आयोजन स्थल पर तैयारियों का दौर चला। सोमवार को सुबह से शुरू हुए विवाह कार्यक्रम में एकबार में ५०-५० लोगों के विवाह कराए गए। इससे आयोजन पूरा करने के लिए छह शिफ्टों में कार्यक्रम हुए। सुबह से शुरू हुआ विवाह कार्यक्रमों का सलिसिला पूरा दिन चला। आयोजन में इतने अधिक लोग थे कि जहां देखो वहीं लोगों की भीड़ ही भीड़ दिखाई दे रही थी। आयोजन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था नहीं हो इसलिए सभी जोड़ों के लिए अलग-अलग काउंटर की व्यवस्था की गई थी। व्यवस्था सम्हालने के लिए स्थानीय प्रशासन के सैकड़ों की संख्या में अधिकारी और कर्मचारी लगे हुए थे।