
फोटो सोर्स- पत्रिका
MP News: मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में नागौद-खजुराहो रेलवे प्रोजेक्ट से जुड़ी बड़ी चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। देवेंद्रनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फुलवारी स्थित रेलवे स्टेशन भवन से लगभग 15 लाख रुपये की इलेक्ट्रिकल सामग्री चोरी किए जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर न केवल चोरी गया पूरा माल बरामद किया, बल्कि घटना में संलिप्त प्रोजेक्ट में कार्यरत इलेक्टिकल इंजीनियर और चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। जब्त की गई सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये बताई गई है।
फरियादी रामप्रसाद शर्मा के द्वारा 31 दिसंबर 2025 को दर्ज कराई गई कि के-3 कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा नागौद से खजुराहो तक रेलवे स्टेशन निर्माण कार्य किया जा रहा है। ग्राम फुलवारी स्थित रेलवे स्टेशन भवन के एक हाल में कंपनी का स्टोर बनाया गया था, जिसमें लगभग 30 लाख रुपये का इलेक्ट्रिकल सामान रखा गया था। वह अपने गृह ग्राम गया था। वापस लौटने पर 21 जनवरी 2026 को स्टोर रूम का निरीक्षण करने पर वहां से केबल, वायर, पीवीसी पाइप सहित अन्य इलेक्ट्रिकल सामग्री, जिसकी कीमत 15,17,808 है, चोरी होना पाया गया। इस संबंध में थाना देवेंद्रनगर में अपराध पंजीबद्ध किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित की गई तथा साइबर सेल पन्ना की तकनीकी सहायता ली गई। मुखबिर तंत्र और तकनीकी इनपुट के आधार पर संदेही इलेक्टिकल इंजीनियर अंकित माथुर, पिता दिनेश माथुर 35 निवासी 32 लीलाधर कॉलोनी, भानपुर, थाना छोलामंदिर, जिला भोपाल को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने चोरी किया गया माल राकेश गर्ग, पिता रामकरण गर्ग 39 , निवासी हरदुआ मोहल्ला, थाना नागौद, जिला सतना को बेचने की बात स्वीकार की।
इसके बाद राकेश गर्ग के गोदाम से चोरी गया संपूर्ण माल बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से केबल, वायर, पीवीसी पाइप, अन्य इलेक्ट्रिकल सामग्री, घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन एवं एक मोबाइल फोन जब्त किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी देवेंद्रनगर संतोष यादव, प्र धीरेन्द्र सिंह, लक्ष्मी नारायण यादव, वीर नारायण सिंह, बृजेंद्र रैकवार, रोहित बागरी सहित अन्य मौजूद रहे।
Published on:
05 Feb 2026 06:12 pm
बड़ी खबरें
View Allपन्ना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
