26 अक्टूबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

नगर पालिका की चौपाटी से चल रहा रेत-गिट्टी का अवैध कारोबार, फिर भी कोई एक्शन नहीं

जानकारी के बाद भी जिम्मेदार नहीं कर रहे कार्रवाई
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

पन्ना

•

image

Suresh Mishra

•

Updated: 23 Jun 2018, 1:30 PM IST

nagar palika parishad panna news in hindi

nagar palika parishad panna news in hindi

पन्ना। नगर के बस स्टैंड के समीप बेनीसागर तालाब में नगर पालिका परिषद की ओर से पूर्व में चौपाटी विकसित की गई थी। जो निर्माण कार्य की खराब गुणवत्ता के कारण ज्यादा दिन नहीं चल सकी और अब यह खंडहर में तब्दील हो गई है। अब कारोबारियों द्वारा इसे रेत बिक्री का अड्डा बना लिया गया है।

यहां से दिनभर अवैध रूप से धड़ल्ले से रेत और गिट्टी की बिक्री की जा रही है। बीच शहर में बीते कई दिनों से रेत का कारोबार चल रहा है। जानकारी के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही है। नगर पालिका की जमीन से हो रहे अवैध कारोबार को लेकर किसी प्रकार का एक्शन नहीं लिया जा रहा है।

ये है मामला
पिछली परिषद द्वारा लाखों की लागत से नगर के बेनीसागर तालाब और मुख्य मार्ग के बीच में चौपाटी विकसित की गई थी, लेकिन यह ज्यादा दिनों तक नहीं चल सकी। यहां दुकानदारों ने भी ज्यादा दिनों तक दुकानें लगाना उचित नहीं समझा। समुचित रखरखाव की कमी के कारण कुछ ही महीनों में लाखों की लागत से बनी चौपाटी खंडहर में तब्दील हो गई।

असामाजिक तत्वों का जमावड़ा

पास में शराब की दुकान होने के कारण शाम को यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता था। असामाजिक तत्वों का अड्डा बनने के बाद अब यह चौपाटी अवैध रूप से रेत और गिट्टी की बिक्री का अड्डा बन गई है। असरदार और राजनीतिक पहुंच रखने वाले लोगों द्वारा किए जा रहे इस कारोबार की जानकारी जिले के सभी जिम्मेदार विभाग को है। कोई कार्रवाई करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है।

शहर में दर्जनों जगह लगे रेत के अवैध डंप
चौपाटी के अलावा भी दर्जनों स्थानों पर रेत और गिट्टी के अवैध डंप लगे हैं। जिनसे पूरे दिन-रात रेत व गिट्टी बेची जा रही है। नगर में जनपद कार्यालय के सामने, बेनीसागर के पास बने मैरिज गार्डन के सामने, इंद्रपुरी कॉलोनी में एक्सीलेंस स्कूल के पास, पॉवर हाउस के पास सहित दर्जनों स्थानों पर अवैध डंप लगे हैं। इसके अलावा सैकड़ों डंप में बहुत ही कम-कम मात्रा में रेत भंडारित की गई है।

जिम्मेदार द्वारा कोई कार्रवाई नहीं

जिससे यह समझ में नहीं आए कि उक्त रेत भवन निर्माण के लिए है या बिक्री के लिए। 15 जून से रेत के उत्खनन पर रोक लगने के बाद शहर के अंदर रेत के डंपों की संख्या में अप्रत्याशित तरीके से इजाफा हुआ है। शहर के अंदर से इसी तरह से हर साल अवैध डंपों से रेत की बिक्री होती है, इसके बाद भी जिम्मेदार लोगों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जाती है।

इन्हें कार्रवाई का है अधिकार
नपा क्षेत्र के अंतर्गत रेत की अवैध बिक्री की जा रही है। यहां तक कि नपा की चौपाटी तक का इस अवैध काम के लिए उपयोग किया जा रहा है। इसके बाद भी नगर पलिका द्वारा अभी तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई है, जबकि नगर पलिका परिषद कार्रवाई कर सकती है। इसके अलावा पुलिस, राजस्व और खनिज विभाग को भी रेत और गिट्टी के अवैध डंपों पर कार्रवाई करने का अधिकार है।

बेनीसागर तालाब की चौपाटी किसी को भी रेत का डंप लगाने के लिए किराए पर नहीं दी गई है। जहां अवैध रूप से डंप लगाए गए हैं वहां फिर से चौपाटी का निर्माण होना है। रेत के अवैध डंपों को हटा दिया जाएगा।
मोहनलाल कुशवाहा, नपाध्यक्ष

मामला मेरी जानकारी में है। कार्रवाई करने के लिए खनिज इंस्पेक्टर को बोला था, अभी तक तो कार्रवाई नहीं हुई है। शीघ्र नगर पालिका अवैध रूप से डंप रेत के जब्ती की कार्रवाई करेगी।
अरुण कुमार पटैरिया, सीएमओ