
panna tiger reserve
पन्ना। मप्र के पन्ना जिले के अजयगढ़ क्षेत्र के उत्तर वन मंडल के धरमपुर रेंज के कक्ष क्रमांक पी-52 में करीब 300 पेड़ काटे जाने के मामले का पत्रिका द्वारा खुलासा किए जाने के बाद से वन अमले में हड़कंप मचा है। मामला सामने आने के बाद गहरी नींद से जागे अधिकारियों ने विशेष उडऩदस्ते को ठूठों की गिनती के लिए मौके पर भेजा है।
दल दिनभर काटे गए पेड़ों के ठूठ गिनता रहा। पर गिनती पूरी नहीं हो पाने के कारण अब शनिवार को भी गिनती का कार्य होगा। गौरतलब है कि धरमपुर रेंज के कक्ष क्रमांक पी-52 में करीब एक सप्ताह से खुलेआम जंगल की कटाई चल रही थी। इसकी जानकारी वन अमल के साथ ही ग्रामीणों को भी थी।
पत्रिका ने मामले की जानकारी लगने के बाद मौके पर पहुंचकर हकीकत देखी तो नजारा चौंकाने वाला था। पूरी पहाड़ी के पेड़ों को काट लिया गया था। सैकड़ों की संख्या में सिर्फ ठूठ दिख रहे थे। ठूठों की गिनती करने उडऩदस्ता दल रुका है। रात्रि विश्राम के बाद शनिवार को फिर गिनती की जाएगी।
98 नग इमारती और 17 जलाऊ चट्ठे जब्त
सूत्रों के अनुसार वन अमले ने इमारती काष्ठ के रूप में 98 नग बल्लियां बरामद की हैं। ये 2.5 घन मीटर हैं। इसके अलावा जलाऊ लकड़ी के 17 चट्ठे जब्त किए गए हैं। वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की मिलीभगत से इतनी बड़ी संख्या में पेड़ों को काट लिया गया और वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी भनक तक नहीं लगने दी गई।
बताया गया कि वन अमले ने मामले में ब्रह्म प्रकाश पांडेय पिता शिवपर्सन प्रसाद पांडेय निवासी धरमपुर को आरोपी बनाया है। मामले में वन अपराध पीओआर काटा गया है। बताया जाता है कि एसडीओ नरेंद्र सिंह ने मामले में जांच के निर्देश भी दिए हैं। धरमपुर के जांच अधिकारी व रेंजर बीके विश्वकर्मा के अनुसार धरमपुर गांव में इमारती व जलाऊ लकड़ी काटी गई है, जिसका पीओआर काट दिया गया है। प्रकरण को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
Updated on:
15 Mar 2019 10:37 pm
Published on:
15 Mar 2019 10:36 pm
बड़ी खबरें
View Allपन्ना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
