
भरत तिवारी (फोटो- bharat tiwari facebook)
भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले ने भोजपुर के बाद अब पूरे बिहार में एक नई राजनीतिक बहस को जन्म दे दिया है। यह मामला अब केवल पुलिस कार्रवाई या न्यायिक जांच तक सीमित नहीं रह गया है। इस एनकाउंटर के बाद राज्य में लंबे समय से एक-दूसरे के राजनीतिक और सामाजिक विरोधी माने जाने वाले यादव और सवर्ण समुदायों के बीच नजदीकी बढ़ती दिखाई दे रही है। यादव समुदाय की ओर से संवाद और सहयोग की पहल की गई है, वहीं सवर्ण समुदाय ने भी सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए इसे स्वीकार किया है।
अगर यह संभावित समीकरण मजबूत होता है तो बिहार की चुनावी राजनीति पर इसका बड़ा असर पड़ सकता है और एनडीए के लिए यह चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है। हालांकि, इस नए राजनीतिक समीकरण की दिशा और दशा 24 जून को होने वाली महापंचायत में तय होने की संभावना है। यदि महापंचायत में यादव समाज का भी समर्थन मिलता है, तो यह आंदोलन और अधिक व्यापक रूप ले सकता है। वहीं, विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के लिए यह स्थिति एक राजनीतिक अवसर भी बन सकती है और चुनौती भी। फिलहाल, इस मुद्दे को लेकर एनडीए खेमे में भी जातीय आधार पर मतभेद सामने आते दिख रहे हैं।
बहरहाल, भरत तिवारी मामले में सरकार की ओर से न्यायिक जांच के आदेश और पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई के बावजूद विपक्ष लगातार सरकार को घेरने में जुटा है। विपक्ष का आरोप है कि मामले को दबाने या रफा-दफा करने की कोशिश की जा रही है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। वहीं सरकार का कहना है कि जांच के माध्यम से सच्चाई सामने लाई जाएगी। इस खींचतान के चलते यह मामला अब पूरी तरह राजनीतिक केंद्र में आ गया है।
बिहार की राजनीति लंबे समय से जातीय समीकरणों के इर्द-गिर्द घूमती रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह स्थिति विपक्ष के लिए एक अवसर भी बन सकती है। तेजस्वी यादव लंबे समय से खुद को किसी एक जाति या वर्ग के नेता के बजाय सभी वर्गों की आवाज के रूप में स्थापित करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में यदि वे इस मामले को न्याय, मानवाधिकार और प्रशासनिक जवाबदेही के मुद्दे से जोड़ते हैं, तो उन्हें नए सामाजिक समूहों तक पहुंचने का अवसर मिल सकता है।
भरत तिवारी ब्राह्मण समुदाय से थे, लेकिन उनके कथित फर्जी एनकाउंटर के मामले को सोशल मीडिया, सामाजिक संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों ने नागरिक अधिकारों और न्यायिक प्रक्रिया से जोड़कर उठाया है। इसी कारण इस मामले का प्रभाव लगातार व्यापक होता जा रहा है। इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष के कुछ नेताओं ने भी जांच और पारदर्शिता की आवश्यकता पर जोर दिया है।
Published on:
23 Jun 2026 09:39 pm
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
