
BJP (Photo Source - Patrika)
Bihar Politicsबिहार बीजेपी की नई प्रदेश कमेटी की सूची तैयार कर ली गई है। प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कमेटी में शामिल होने वाले नेताओं की पूरी सूची आलाकमान को भेज दी है। पार्टी नेतृत्व से हरी झंडी मिलते ही राज्य इकाई की ओर से प्रदेश पदाधिकारियों की औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी। मौजूदा प्रदेश कमेटी का गठन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यकाल में हुआ था।
लोकसभा चुनाव के बाद जब पार्टी ने डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी, तब नेताओं को उम्मीद थी कि नई कमेटी का गठन होगा। हालांकि, उनके कार्यकाल में प्रदेश कमेटी का गठन नहीं हो सका। बिहार विधानसभा चुनाव के बाद डॉ. जायसवाल मंत्रिमंडल में शामिल हो गए। ‘एक व्यक्ति, एक पद’ के सिद्धांत के तहत पार्टी ने दिसंबर 2025 में उनकी जगह संजय सरावगी को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप दी।
संजय सरावगी को प्रदेश अध्यक्ष बने चार महीने से अधिक समय हो चुका है। उनकी पहल पर अब प्रदेश कमेटी के गठन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। सूत्रों के अनुसार, नई कमेटी में करीब तीन दर्जन नेताओं को जगह देने की तैयारी की गई है।
नई कमेटी में इन नेताओं को प्रदेश उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव, कोषाध्यक्ष और कार्यालय प्रभारी जैसे पदों की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। पार्टी नए चेहरों को भी मौका देने के पक्ष में है। सूत्रों का कहना है कि नए और पुराने चेहरों के संतुलन के साथ टीम तैयार की जा रही है, ताकि एक ओर वरिष्ठ नेताओं के अनुभव का लाभ मिल सके, वहीं दूसरी ओर युवाओं के जोश से संगठन को मजबूती मिले।
इसके साथ ही, नई कमेटी में महिलाओं को भी अच्छी भागीदारी देने की योजना है। मौजूदा कमेटी की तुलना में नई कमेटी का आकार छोटा रखा जा सकता है। मुख्य कमेटी की घोषणा के बाद प्रवक्ता, मीडिया पैनलिस्ट और मीडिया प्रभारी के नाम भी घोषित किए जा सकते हैं। नई कमेटी में सामाजिक समीकरण का भी विशेष ध्यान रखा गया है। पार्टी के कोर वोटर माने जाने वाले वर्गों के साथ-साथ अन्य जाति, धर्म और वर्ग के नेताओं को भी कमेटी में स्थान दिया गया है, ताकि समाज के बीच सकारात्मक संदेश जा सके।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद नितिन नवीन 30 अप्रैल को बिहार दौरे पर आ रहे हैं। पार्टी नेताओं के अनुसार, पटना प्रवास के दौरान वे प्रदेश कमेटी के गठन पर विस्तार से चर्चा कर सकते हैं। इसके साथ ही, मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी एनडीए नेताओं से बातचीत करेंगे।
Updated on:
28 Apr 2026 11:23 am
Published on:
28 Apr 2026 11:23 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
