12 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Bride refused marriage: नशे में धुत दूल्हे को दुल्हन ने स्टेज पर किया रिजेक्ट, शादी टूटी तो बंधक बने बाराती

Bride refused marriage: बिहार के सहरसा जिले में नशे की हालत में शादी करने पहुंचे दूल्हे से दुल्हन ने विवाह करने से इनकार कर दिया। लड़की पक्ष के लोगों ने शादी की तैयारियों और दहेज में खर्च हुए करीब पांच लाख रुपये की मांग को लेकर दूल्हे, उसके पिता और अगुआ को बंधक बना लिया।

2 min read
Google source verification
Bride refused marriage

सांकेतिक तस्वीर। फोटो -(AI Generated)

Bride refused marriageबिहार के सहरसा में शराब के नशे में शादी करने पहुंचे दूल्हे को बिना दुल्हन के ही लौटना पड़ा। यह मामला बिहरा थाना क्षेत्र की सत्तर पंचायत से जुड़ा है। यहां वार्ड संख्या-2 निवासी एक युवती की शादी पूर्णिया के मूल निवासी और वर्तमान में सहरसा के शिवपुरी मोहल्ला निवासी रोहन कुमार से तय हुई थी। बताया जाता है कि रोहन कुमार नशे की हालत में जैसे ही वरमाला के लिए मंच पर पहुंचा, दुल्हन ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद शादी समारोह में हंगामा शुरू हो गया और विवाह टूट गया।

घटना के बाद लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हे पक्ष के कुछ लोगों को बंधक बना लिया। उनका कहना था कि शादी की तैयारियों और दहेज में करीब पांच लाख रुपये खर्च हुए हैं, जिसकी भरपाई की जाए। मामला बढ़ने पर पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। बाद में वर पक्ष द्वारा खर्च की राशि लौटाने का आश्वासन देने के बाद दूल्हे, उसके पिता और अगुआ को मुक्त किया गया।

नशे में पहुंचा दूल्हा, दुल्हन ने तोड़ी शादी

सत्तर पंचायत के वार्ड संख्या-2 के स्थानीय लोगों ने बताया कि सहरसा के शिवपुरी मोहल्ला निवासी रोहन कुमार बारात लेकर पहुंचा था। वरमाला के लिए जब दूल्हे को स्टेज पर लाया गया, तब वह पूरी तरह नशे में धुत नजर आ रहा था।

स्टेज पर पहुंचते ही दूल्हा ऐसी हरकतें करने लगा और हंगामा करने लगा कि वहां मौजूद लोग हतप्रभ रह गए। यह देखकर दुल्हन ने उसे तुरंत रिजेक्ट कर दिया और बिना वरमाला किए ही स्टेज से वापस लौट गई।

दुल्हन के स्टेज छोड़कर जाने के बाद वधू पक्ष और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। इसके बाद लड़की के परिजनों ने भी नशे में धुत दूल्हे से बेटी की शादी करने से साफ इनकार कर दिया। आसपास के लोगों का कहना था कि जैसे ही लड़की पक्ष को यह जानकारी मिली कि दूल्हा नशे की गोलियों का सेवन करता है, हंगामा और बढ़ गया।

दूल्हे पक्ष को ग्रामीणों ने रोका, पुलिस ने संभाला मोर्चा

माहौल बिगड़ता देख कई बाराती वहां से लौटने लगे। इसी दौरान लड़की पक्ष और स्थानीय ग्रामीणों ने दूल्हे, उसके पिता और अगुआ को पकड़ लिया। लड़की के पिता ने आरोप लगाया कि उन्होंने पांच कट्ठा जमीन बेचकर दूल्हा पक्ष को पांच लाख रुपये दिए थे। अब जब शादी टूट गई है, तो वर पक्ष को पूरी राशि लौटानी होगी। इसे लेकर विवाद बढ़ गया और मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलने पर बिहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पहले लोगों को समझाकर मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण पैसे वापस करने की मांग पर अड़े रहे। हंगामा बढ़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। बाद में दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर मामला शांत कराया गया। आपसी समझौते में दूल्हा पक्ष ने दहेज में लिए गए रुपये लौटाने पर सहमति जताई।