12 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Bihar Weather: आंधी-बारिश और वज्रपात से जमुई में 4 की मौत, कई जिलों में रेड-ऑरेंज अलर्ट

Bihar Weather: बिहार के जमुई जिले में मंगलवार को तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग झुलस गए। घायलों में एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।

2 min read
Google source verification
Bihar Weather

सांकेतिक तस्वीर। फोटो -(AI Generated)

Bihar Weather: बिहार में मंगलवार को गया, जहानाबाद, बांका समेत पांच जिलों में झमाझम बारिश हुई। वहीं जमुई में आंधी-बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं में एक बच्ची समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग झुलस गए। मौसम विभाग के अनुसार, बांका में बिजली गिरने से एक महिला की भी मौत हो गई है। खगड़िया, कटिहार समेत कई जिलों में आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने बांका और जमुई में बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि खगड़िया, दरभंगा, बेगूसराय, समस्तीपुर और सहरसा में आंधी-बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

जमुई में वज्रपात का कहर, बच्ची समेत 4 की मौत

बारिश और वज्रपात की घटनाओं में जमुई में कई लोगों की जान चली गई। पहली घटना शहर के बिहार नदी किनारे की है, जहां अचानक मौसम खराब होने के दौरान मवेशी चरा रहे कपिल देव यादव (35) आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। वह गंभीर रूप से झुलस गए। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दूसरी घटना जिले के खैरा प्रखंड की है। यहां सिंगारी टांड़ गांव में वज्रपात की चपेट में आने से रंजीत यादव की मौत हो गई।

तीसरी घटना सोनो प्रखंड के बेलंबा पंचायत की है। यहां आकाशीय बिजली गिरने से आठ वर्षीय रावो खातून की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां नाजो खातून गंभीर रूप से झुलस गईं। स्थानीय लोगों के अनुसार, रावो खातून मोइन अंसारी की पुत्री थी। बच्ची घर के पास स्थित बगीचे में गई हुई थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उसकी मां उसे खोजने पहुंचीं। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ बिजली गिर गई। घटना में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला का इलाज झाझा के एक निजी नर्सिंग होम में चल रहा है।

बाइक सवारों पर गिरी बिजली, एक की गई जान

जमुई जिले के चकाई थाना क्षेत्र स्थित सरौन पंचायत के पास वज्रपात और तेज बारिश के दौरान बाइक सवार दो युवक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान देवघर निवासी रमन कुमार यादव के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक भागलपुर निवासी निवास कुमार यादव बताया गया है। दोनों गिरिडीह के चतरो स्थित एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी में कार्यरत थे और फील्ड वर्क से लौट रहे थे।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने डायल-112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को चकाई रेफरल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद रमन कुमार यादव को बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

20 मई के बाद बढ़ेगी गर्मी, मौसम होगा सामान्य

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और आसपास बने मौसमी सिस्टम के प्रभाव से बिहार में लगातार मौसम का मिजाज बदल रहा है। हालांकि, 20 मई के बाद मौसम सामान्य होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे लोगों को ज्यादा गर्मी का एहसास होगा।