12 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Bihar MLC By-election 2026: भोजपुर-बक्सर MLC उपचुनाव में हंगामा, समर्थकों और मजिस्ट्रेट में धक्का-मुक्की

Bihar MLC By-election 2026: बिहार विधान परिषद उपचुनाव के लिए मतदान शुरू होते ही आरा के एक पोलिंग बूथ पर हंगामे की सूचना सामने आई है। महागठबंधन समर्थकों ने दंडाधिकारी पर पक्षपात का आरोप लगाया है। इस सीट पर आरजेडी के सोनू कुमार राय और जेडीयू के कन्हैया प्रसाद के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है।

2 min read
Google source verification
Bihar MLC By election 2026 Uproar

MLC उपचुनाव के दौरान हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराती पुलिस। फोटो-पत्रिका

Bihar MLC By-election 2026: बिहार विधान परिषद उपचुनाव के दौरान वोटिंग के बीच मारपीट और हंगामे की सूचना सामने आई है। मंगलवार को आरा सदर प्रखंड कार्यालय स्थित मतदान केंद्र पर महागठबंधन समर्थकों ने दंडाधिकारी पर पक्षपात का आरोप लगाया। आरजेडी प्रत्याशी सोनू कुमार राय ने आरोप लगाया कि एक राजनीतिक दल का कार्यालय मतदान केंद्र से महज 10 मीटर की दूरी पर संचालित हो रहा है, जो चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है। उनका कहना था कि इससे मतदान प्रभावित हो रहा है। इसके साथ ही आरजेडी प्रत्याशी सोनू कुमार ने आरोप लगाया कि गेट पर तैनात मजिस्ट्रेट एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करवाने का काम कर रहे हैं। आरजेडी प्रत्याशी सोनू के आरोप के बाद गेट पर मौजूद मजिस्ट्रेट शशि भूषण तिवारी और आरजेडी समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। इसकी वजह से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह मामला शांत कराया।

शाम 4 बजे तक चलेगा मतदान

बिहार विधान परिषद उपचुनाव के लिए सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो गया, जो शाम 4 बजे तक चलेगा। भोजपुर जिले में 14 और बक्सर जिले में 11 मतदान केंद्रों पर वोटिंग कराई जा रही है। दोनों जिलों में कुल 25 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 6084 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। स्थानीय प्राधिकार क्षेत्र के इस चुनाव में त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधि, वार्ड पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधि मतदाता होते हैं। मतदान को लेकर सुबह से ही केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतार देखी जा रही है। चुनाव के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी या हंगामा न हो, इसके लिए सभी मतदान केंद्रों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

कन्हैया और सोनू राय में कांटे की टक्कर

इस सीट पर जेडीयू उम्मीदवार कन्हैया प्रसाद और आरजेडी प्रत्याशी सोनू कुमार राय के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही है। हालांकि, चुनाव मैदान में कुल 6 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। मतदान की गिनती 14 मई को होगी। वोटों की गिनती आरा के राजकीय कन्या प्लस टू उच्च विद्यालय में कराई जाएगी, जिसके बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।