
सांकेतिक फोटो
शराबबंदी वाले बिहार में शराब पीने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग बीमार पड़ गए हैं। यह घटना पूर्वी चंपारण जिले के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बालगंगा गांव की है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह मामला स्प्रिट (जहरीली शराब) पीने से जुड़ा है। घटनास्थल से पुलिस ने शराब से भरे कई जार बरामद किए हैं। इस घटना के बाद राज्य में शराबबंदी को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं, जिससे प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।
मृतक की पहचान तुरकौलिया थाना क्षेत्र के जयसिंहपुर पंचायत निवासी चंदू के रूप में हुई है, जो पेशे से टेम्पू चालक था। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। वहीं, शराब पीने के बाद बीमार पड़े लोगों की पहचान बालगंगा गांव निवासी लोहा सिंह और लड्डू साह उर्फ जितेंद्र शाह के रूप में हुई है। दोनों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
अस्पताल में इलाज करा रहे लोहा सिंह ने बताया कि उन्होंने रात में स्प्रिट का सेवन किया था, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने कहा, “अब मुझे कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा है।” उनकी पत्नी के अनुसार, शराब पीने को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था, लेकिन वे मानने को तैयार नहीं होते थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब पीने से कई अन्य लोग भी बीमार हुए हैं, जो प्रशासन के डर से चोरी-छिपे इलाज करा रहे हैं।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम मामले की जांच में जुटी है और शराब के अवैध कारोबार से जुड़े दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। साथ ही बड़ी मात्रा में शराब भी जब्त की गई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम और एसडीपीओ मौके पर कैंप कर रहे हैं, वहीं एसपी ने पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
Updated on:
02 Apr 2026 03:56 pm
Published on:
02 Apr 2026 03:21 pm
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
