19 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बिहार: नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति चुनाव की तारीख तय, जानें कब होगा मतदान?

Bihar Nagar Nikay Election: बिहार सरकार ने नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति के चुनाव की नई तारीखों का एलान कर दिया है। सभी नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों में 26 से 31 मई के बीच चुनाव कराए जाएंगे। नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि समिति के गठन से रुके हुए विकास कार्यों में तेजी आएगी।

2 min read
Google source verification
Bihar Nagar Nikay Election

सांकेतिक तस्वीर

Bihar Nagar Nikay Election: शहरों के विकास और नगर निकायों के कामकाज को बेहतर बनाने को लेकर मंगलवार को बिहार सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। नगर विकास एवं आवास विभाग ने सशक्त स्थायी समिति के चुनाव की नई तारीखों का एलान कर दिया है। सरकार ने राज्य के सभी जिलाधिकारियों (डीएम) को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि उनके अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों में सशक्त स्थायी समिति का चुनाव 26 मई से 31 मई के बीच हर हाल में पूरा कराया जाए। पत्रकारों से बातचीत करते हुए नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सशक्त स्थायी समिति के गठन से नगर निकायों में रुके हुए विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने में मदद मिलेगी।

अब सीक्रेट बैलेट से होगा चुनाव

बिहार सरकार ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर नियमों में बदलाव किया है। पहले सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों का चयन सीधे नगर निगम के महापौर (मेयर) या नगर निकायों के मुख्य पार्षद के स्तर पर किया जाता था। लेकिन अब नए नियमों के तहत संबंधित जिले के डीएम की निगरानी में सभी वार्ड पार्षदों के बीच सीक्रेट बैलेट के जरिए चुनाव कराया जाएगा, ताकि समिति के सदस्यों का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ हो सके।

पुरानी व्यवस्था में मेयर और मुख्य पार्षदों पर अपनी पसंद के लोगों को शामिल करने, मनमानी करने और ट्रांसफर-पोस्टिंग व विकास योजनाओं में पक्षपात के आरोप लगते रहे हैं। सरकार ने पार्षदों के बीच होने वाले विवाद और असंतोष को खत्म करने के लिए अब यह अधिकार जनता द्वारा चुने गए वार्ड पार्षदों को सौंप दिया है।

स्थगित चुनाव प्रक्रिया फिर शुरू

राज्य सरकार पहले सभी नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों का चुनाव 15 से 25 अप्रैल के बीच कराने की तैयारी में थी। इसके लिए प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई थी। हालांकि, बाद में नगर विकास विभाग ने किसी कारणवश चुनाव प्रक्रिया को स्थगित कर दिया था। विभाग ने निर्देश दिया था कि जिन निकायों में 15 अप्रैल तक निर्वाचन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, वहां निर्वाचित सशक्त स्थायी समिति अपना कार्य जारी रखेगी।

नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि अब राज्य सरकार ने स्थगित निर्वाचन प्रक्रिया को दोबारा शुरू करते हुए इसे तय समय सीमा के भीतर पूरा करने का फैसला लिया है।