21 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Bihar Weather: बिहार में तपती गर्मी के बीच बदला मौसम का मिजाज, सीमांचल में आंधी-बारिश का कहर

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को बिहार के 21 जिलों में आंधी और बारिश को लेकर ऑरेंज तथा येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बक्सर, भोजपुर, भभुआ, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल जिलों में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना जताई गई है।

2 min read
Google source verification
Bihar Weather

सांकेतिक तस्वीर। फोटो -(AI Generated)

Bihar Weather बिहार में तपती गर्मी के बीच शनिवार देर रात से शुरू हुई झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। भीषण गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन आंधी-बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया और लोग घरों में रहने को मजबूर हो गए। सबसे ज्यादा असर अररिया जिले में देखा गया, जहां लगातार हो रही बारिश और तेज हवा के कारण कई जगह पेड़ और बिजली के पोल गिर गए। बिजली के तार टूट गए, टिन की छतें उड़ गईं और ग्रामीण इलाकों में ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त होने की भी सूचना है।

तेज आंधी-बारिश से बदला मौसम

किशनगंज जिले में शनिवार रात हुई बारिश के बाद मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आंधी के दौरान हवा की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई थी, जिसके बाद तेज बारिश हुई। रविवार सुबह करीब तीन बजे बारिश कम हुई, लेकिन सुबह दस बजे के बाद फिर से आसमान में काले बादल छा गए और कई जगह हल्की बारिश दर्ज की गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि शनिवार रात आई आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि इसका व्यापक असर जनजीवन पर पड़ा।

कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बिहार के कई जिलों में फिलहाल आंधी-बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। विभाग ने अगले दो-तीन दिनों तक अधिकांश जिलों में आंधी और बारिश का अनुमान जताया है। रविवार को राज्य के 21 जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि बक्सर, भोजपुर, भभुआ, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल जिलों में भीषण गर्मी का असर बना रहने की संभावना है।

लू से बेहाल बिहार को बारिश से मिली राहत

पिछले 10 दिनों से बिहार में भीषण लू का प्रकोप जारी है। उत्तर और दक्षिण—दोनों हिस्सों में लोगों को भारी उमस और उच्च तापमान का सामना करना पड़ रहा है। राज्य के पश्चिमी हिस्सों के कई जिलों में लू की स्थिति दर्ज की गई है, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है और दिन में घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। हालांकि, रविवार की सुबह मधुबनी, मोतिहारी, सुपौल, रक्सौल समेत कई शहरों में हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली है।

क्यों हो रही बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं की वजह से ‘काल बैसाखी’ जैसी स्थिति बन रही है। इसके प्रभाव से बिहार के कई हिस्सों में धूल भरी आंधी चलने और बारिश होने की संभावना है।