
बांकीपुर से भाजपा उम्मीदवार ने नाम वापस लिया (फ़ोटो- IANS)
Bankipur By Election: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की दौड़ में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के आधिकारिक उम्मीदवार अभिषेक कुमार ने चुनाव से हटने की घोषणा कर दी है। उन्होंने BJP के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को लिखे एक पत्र में अपनी उम्मीदवारी वापस लेने के फैसले की औपचारिक जानकारी दी। अभिषेक कुमार ने इस फैसले के लिए पूरी तरह से व्यक्तिगत कारणों का हवाला दिया है।
अभिषेक कुमार बंटी को बीजेपी ने हाल ही में बांकीपुर सीट से एनडीए का उम्मीदवार घोषित किया था। उनके समर्थन में पार्टी ने नामांकन सभा भी आयोजित की थी, जिसमें बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए चुनावी मैदान में सफलता की कामना की थी। हालांकि, राजनीतिक सरगर्मी के बीच अभिषेक कुमार बंटी ने अचानक बीजेपी प्रदेश दफ्तर पहुंचकर चुनाव नहीं लड़ने का फैसला सार्वजनिक कर दिया। उन्होंने बताया कि पारिवारिक परिस्थितियों के कारण वह उपचुनाव में उम्मीदवार बने रहना संभव नहीं समझते, इसलिए नामांकन वापस ले रहे हैं।
मीडिया से बातचीत में अभिषेक कुमार बंटी ने कहा कि पार्टी ने उन पर भरोसा जताते हुए बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए एनडीए का प्रत्याशी बनाया था, जिसके लिए वह प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि पारिवारिक कारणों की वजह से वह चुनाव लड़ने में असमर्थ हैं। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह पार्टी के एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में पहले की तरह संगठन की सेवा करते रहेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि मैंने अभी-अभी राज्य अध्यक्ष संजय सरावगी को एक पत्र दिया है, जिसे मैं अभी आपके सामने पढ़ रहा हूं। भारतीय जनता पार्टी ने मुझे बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए NDA उम्मीदवार के रूप में चुना था। मैं इसके लिए केंद्र और राज्य नेतृत्व का आभार व्यक्त करता हूं। मैं आपको विनम्रतापूर्वक सूचित करना चाहता हूं कि पारिवारिक कारणों से, मैं विधानसभा उपचुनाव नहीं लड़ पा रहा हूं। मैं पार्टी कार्यकर्ता के तौर पर ईमानदारी से सेवा करता रहूंगा। आपको बता दें की 30 जुलाई को इस सीट पर उपचुनाव होना है।
Updated on:
10 Jul 2026 06:20 pm
Published on:
10 Jul 2026 05:54 pm
