
सुसाइड नोट और छात्रा के परिजन (फोटो-पत्रिका)
Bihar Suicide News: बोर्ड एग्जाम का स्ट्रेस कभी-कभी इतना ज्यादा हो सकता है कि यह एक खुशहाल जिंदगी पर भी हावी हो सकता है। बिहार के आरा में शुक्रवार को CBSE इंटरमीडिएट फिजिक्स का एग्जाम शुरू होने से कुछ घंटे पहले ही एक छात्रा ने खौफनाक कदम उठा लिया। नवादा थाना क्षेत्र के क्लब रोड मोहल्ले में 18 वर्षीय छात्रा ने अपने कमरे में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली।
मृतक की पहचान रेलवे कर्मचारी सतीश कुमार पांडे की बेटी अनन्या कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यह घटना गुरुवार देर रात हुई। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें छात्रा ने अपनी बीमारी और मानसिक तनाव का जिक्र किया है।
अनन्या के कमरे से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है, जिसे पढ़कर हर किसी की आंखें नम हो गईं। उसने अपने आखिरी शब्दों में न केवल अपनी बेबसी जाहिर की, बल्कि अपने परिवार के प्रति अपनी चिंता भी जताई। अनन्या ने सुसाइड नोट लिखा, "मेरे से अब नहीं हो रहा है, मैं अपना बोर्ड एग्जाम नहीं दे पाऊंगी, मेरी तबीयत ही खराब रहती है हमेशा। सब मेरी गलती है, मेरे चलते मेरे परिवार वाले परेशान हैं। बहुत हो गया, अब और नहीं, मैं जा रही हूं। किसी के चलते नहीं, खुद ही जा रही हूं। मम्मी-डैडी अपना ध्यान रखिएगा। दीदी, बाबू, तुम भी अपना ध्यान रखना… बाय अनन्या।"
घरवालों के मुताबिक, अनन्या काफी समय से जॉन्डिस से परेशान थी। इस बीमारी की वजह से वह फिजिकली कमजोर हो गई थी और अपनी पढ़ाई पर ध्यान नहीं दे पा रही थी। शुक्रवार को उसका फिजिक्स का मुश्किल पेपर था। वह इस बात को लेकर बहुत परेशान थी कि क्या वह एग्जाम दे पाएगी। उसने बार-बार अपने घरवालों से कहा था कि वह एग्जाम नहीं देना चाहती।
बताया जाता है कि उसके पिता सतीश कुमार पांडे ने उसे सलाह दी थी कि अगर उसकी तबीयत ठीक नहीं है तो वह एग्जाम छोड़ दे। इसके बावजूद, अनन्या बहुत स्ट्रेस में थी, उसे लग रहा था कि वह अपने परिवार के लिए परेशानी खड़ी कर रही है।
गुरुवार रात को, अनन्या ने हमेशा की तरह अपने परिवार के साथ खाना खाया और सोने चली गई। देर रात उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद किया और अपने दुपट्टे के सहारे पंखे से झूल गई। शुक्रवार सुबह जब वह काफी देर तक नहीं उठी, तो उसके परिवार वालों ने खिड़की से कमरे में झांका। अंदर का रूह कंपा देने वाला था। अनन्या अपने दुपट्टे से सीलिंग फैन से लटकी हुई थी। इसके बाद परिवार ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। लाश को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद उसे परिवार को सौंप दिया गया। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में यह सुसाइड का मामला लग रहा है। हालांकि, छात्रा के गले पर काले निशान भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। सुसाइड नोट की भी जांच की गई है।
अनन्या अक्सर घर पर शिकायत करती थी कि वह अपनी पढ़ाई पर ध्यान नहीं दे पा रही है। उसके पापा ने उसे अगली बार एग्जाम देने के लिए छुट्टी भी दे दी थी, लेकिन शायद अनन्या की बीमारी की वजह से अंदर की चिंता और फ्रस्ट्रेशन उस पर हावी हो गई। वह तीन भाई-बहनों में दूसरी थी। उसकी मौत से उसकी मां पिंकी देवी, बड़ी बहन प्राची कुमारी और छोटे भाई अंश राज का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृत अनन्या का फिल्म इंडस्ट्री से भी गहरा कनेक्शन था। वह भोजपुरी और हिंदी फिल्मों के मशहूर एक्टर ओम प्रकाश ओझा (OP कश्यप) की भांजी थी। ओम प्रकाश ओझा ने गैंग्स ऑफ वासेपुर में जेपी सिंह के राइट हैंड सूरज का रोल किया था। वह संघर्ष और सन ऑफ बिहार जैसी कई पॉपुलर फिल्मों का भी हिस्सा रहे हैं।
यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव या अवसाद से गुजर रहा है, तो चुप न रहें। परिवार, मित्र या विशेषज्ञ से बात करें। जरूरत पड़ने पर हेल्पलाइन सेवाओं की मदद लें। समय पर बातचीत कई जिंदगियां बचा सकती है।
Published on:
20 Feb 2026 12:23 pm
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
