
सांसद अरुण भारती लापता पोस्टर (फोटो X@Kundan401 )
बिहार के जमुई शहर के कई खास इलाकों में बुधवार की सुबह जमुई के सांसद अरुण भारती को 'लापता' बताने वाले पोस्टर लगे दिखे। ये पोस्टर शहर के केकेएम कॉलेज के मेन गेट, कचहरी चौक, रजिस्ट्री ऑफिस और दूसरी पब्लिक जगहों पर चिपके मिले। इन पोस्टरों में सीधे तौर पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के जीजा को 'लापता' बताया गया था, जिससे आम लोगों और राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई।
स्थानीय लोगों ने इन पोस्टरों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट कीं, जो देखते ही देखते वायरल हो गईं। पोस्टरों को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई, जिसमें लोग दावा कर रहे कि लोजपा (रा.) के सांसद लंबे समय से अपने इलाके से गायब हैं, जिससे लोगों की शिकायतें हल नहीं हो पा रही हैं। सिमुलतला ट्रेन हादसे के बाद सांसद की गैरमौजूदगी को लेकर लोगों में खास गुस्सा है। माना जा रहा है कि इसी गुस्से और निराशा के चलते कुछ अनजान लोगों ने शहर में 'अरुण भारती लापता' के पोस्टर लगाए हैं।
अभी यह साफ नहीं है कि पोस्टर किसने लगाए और उनका असली मकसद क्या था। कुछ लोग इसे जनता की नाराजगी मान रहे हैं, जबकि कुछ का मानना है कि यह कोई राजनीतिक विरोध या शरारत हो सकती है। पोस्टरों पर किसी संगठन या व्यक्ति का नाम नहीं है, जिससे रहस्य और गहरा गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने पोस्टर हटाने शुरू कर दिए हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन्हें किसने और कब लगाया। जिम्मेदार लोगों की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच चल रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, इस पूरे मामले पर सांसद अरुण भारती या लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। न ही उनके 'लापता' होने की कोई पुष्टि हुई है। प्रशासन का कहना है कि सांसद के गायब होने की खबर सच नहीं है, लेकिन पोस्टरों के पीछे के कारणों की जांच जरूरी है।
Updated on:
31 Dec 2025 01:50 pm
Published on:
31 Dec 2025 01:50 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
