1 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चिराग पासवान के विधायक ने निभाया चुनावी वादा, जनता के नाम किया अपना बंगला; रहना-खाना सब फ्री

बिहार की पॉलिटिक्स में विधायकों के ठाट-बाट और ऐशो-आराम की खबरें अक्सर आती रहती हैं। लेकिन, इस बार ओबरा से MLA डॉ. प्रकाश चंद्र ने एक ऐसी मिसाल कायम की है जिसकी चर्चा पूरे राज्य में हो रही है। चिराग पासवान की पार्टी के विधायक ने अपना सरकारी आवास जनता की सेवा के लिए खोल दिया है।

2 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

Mar 01, 2026

bihar news

चिराग पासवान के साथ डॉ परक्ष चंद्र (file photo )

Bihar News: राजनीति में चुनावी वादे अक्सर सिर्फ वोट बटोरने का जरिए बन जाते हैं, लेकिन बिहार के औरंगाबाद जिले की ओबरा विधानसभा सीट से MLA डॉ. प्रकाश चंद्र ने इसे गलत साबित कर दिया है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के MLA ने राजधानी पटना में अपना नया सरकारी आवास पूरी तरह से अपने इलाके के लोगों को समर्पित कर दिया है। इस जनता आवास का औपचारिक उद्घाटन सोमवार, 2 मार्च, 2026 को होगा। यह बंगला अब ओबरा इलाके के उन लोगों के लिए एक पनाहगाह का काम करेगा जो परीक्षा, इलाज या दूसरे जरूरी काम के लिए पटना आते हैं और उन्हें रहने की जगह नहीं मिल पाती।

विधायक ने क्यों लिया फैसला

इस फैसले के पीछे की वजह बताते हुए, डॉ. प्रकाश चंद्र कहते हैं कि चुनाव के दौरान उन्होंने जनता से एक वादा किया था कि वे जरूरतमंदों को रहने की जगह देंगे। उन्होंने देखा था कि जब उनके इलाके के गरीब और मिडिल क्लास लोग इलाज, परीक्षा या दूसरे सरकारी काम के लिए पटना आते थे, तो उन्हें रहने की जगह ढूंढने में बहुत मुश्किल होती थी। महंगे होटल में रहना हर किसी के बस की बात नहीं थी।

इस वादे को पूरा करते हुए, उन्होंने पटना में सरकारी बंगले को ओबरा निवासियों के लिए सेवा केंद्र में बदल दिया है। यहां आने वालों के लिए रहने और खाने की पूरी सुविधा मुफ़्त होगी।

कौन हैं डॉ. प्रकाश चंद्र?

डॉ. प्रकाश चंद्र की पहचान एक जमीन से जुड़े नेता के तौर पर रही है। उन्होंने 2004 में तरारी विधानसभा क्षेत्र से पंचायत समिति सदस्य चुनकर अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। उस समय प्रमुख बनने के लिए उनके पास 21 में से 14 सदस्यों का समर्थन था, लेकिन आखिरी समय में उन्होंने सत्ता की चाहत छोड़कर समाज सेवा का रास्ता चुनकर सीट लेने से मना कर दिया। इसके बाद वे सालों तक समाज सेवा में सक्रिय रहे। उन्होंने 2020 के विधानसभा चुनाव में अपनी किस्मत आज़माई, लेकिन हार का सामना करना पड़ा। हार के बावजूद उन्होंने इलाके में अपनी सक्रियता कम नहीं की और 2025 में जनता ने उन्हें MLA चुनकर विधानसभा भेजा।

ओबरा सीट जीतने के लिए प्रकाश चंद्र ने किसे हराया?

2020 का बिहार विधानसभा चुनाव हारने के बावजूद प्रकाश चंद्र इलाके की सेवा करते रहे। 2025 के विधानसभा चुनाव में ओबरा सीट पर कड़ा मुकाबला हुआ। डॉ. प्रकाश चंद्र ने RJD उम्मीदवार ऋषि कुमार को हराया। चुनाव आयोग के डेटा के मुताबिक, उन्हें 91,638 वोट मिले, जबकि उनके विरोधी को 79,625 वोट मिले। इसका मतलब है कि डॉ. प्रकाश चंद्र करीब 20,000 वोटों से जीते।