
मामले की छानबीन करने पहुंची पुलिस
Madhepura Hostel Murder: बिहार के मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र के खारी गांव में स्थित एक प्राइवेट स्कूल के हॉस्टल में रह रहे यूकेजी (UKG) के 6 वर्षीय छात्र आनंद प्रेम की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मासूम का शव रविवार की सुबह स्कूल के शौचालय में पाइप से गमछे के सहारे बंधा हुआ मिला। इसी हॉस्टल के ही एक चौथी कक्षा के छात्र ने बताया की उसने रात में दो लोगों को आनंद प्रेम के गला में रस्सी बांधकर मारते देखा।
जेडी पब्लिक स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करने वाले चौथी क्लास के छात्र आकाश कुमार ने पुलिस और परिजनों के सामने जो गवाही दी, उसने सबके होश उड़ा दिए। मासूम आकाश ने बताया कि रात में करीब 12 बजे जब अचानक उसकी नींद खुली, तो उसने देखा कि दो लोग शौचालय के पास आनंद प्रेम के गले में रस्सी बांधकर उसे मार रहा था। प्रेम दर्द से बुरी तरह छटपटा रहा था। आकाश तुरंत इस बात की जानकारी सर (शिक्षकों) को देने भागा, लेकिन जब तक वो वापस आया, तब तक दोनों स्कूल के पीछे वाले रास्ते से भाग निकले थे।
मृतक बच्चे की मां गुंजन देवी और दादी का सीधा आरोप है कि उनके बच्चे की सोची-समझी साजिश के तहत हत्या की गई है। गुंजन देवी ने रोते हुए बताया कि रविवार सुबह स्कूल संचालक सुनील कुमार ने उन्हें फोन पर घटना की जानकारी दी और जब वे स्कूल पहुंचीं, तो उन्हें मोबाइल में एक फोटो दिखाया गया, जिसमें उनका 6 साल का बेटा शौचालय के पाइप से बंधा हुआ था। इसके बाद स्कूल संचालक ने ही बच्चे के शव को घर तक पहुंचाया।
वारदात की सूचना मिलते ही मुरलीगंज थाने की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल को पूरी तरह से सील कर दिया। पुलिस ने मासूम आनंद प्रेम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मुरलीगंज के थानाध्यक्ष नूरुल हक ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। घटनास्थल की जांच के लिए FSL की टीम को बुलाया गया है।
Updated on:
07 Jun 2026 02:05 pm
Published on:
07 Jun 2026 02:05 pm
