
मोतीहारी में जहरीली शराब पीने से बीमार का इलाज करते डॉक्टर। फोटो-पत्रिका
बिहार के मोतीहारी में जहरीली शराब पीने से अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है। इस घटना के बाद पुलिस ने पीपराकोठी से करीब 700 लीटर जहरीली स्प्रिट बरामद की है। जांच में पता चला कि स्प्रिट में शुद्ध मेथनॉल मौजूद था, जिससे लगभग 3,000 लीटर शराब बनाने की तैयारी थी।
मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात के अनुसार, अगर यह शराब बाजार में पहुंच जाती, तो हजारों लोग मौत के खतरे में पड़ सकते थे। पुलिस ने इस मामले में तस्कर राजा कुमार को गिरफ्तार किया है। उसने अपने घर के सामने खेत के नाले में 27 जरकीन स्प्रिट छुपाई थी, प्रत्येक में 26 लीटर स्प्रिट रखी गई थी।
पुलिस के अनुसार, जब्त स्प्रिट की इसी खेप का कुछ हिस्सा तुरकौलिया के परसौना और बालगंगा में शराब तस्करों को भेजा गया था। इस जहरीली शराब के सेवन से अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 लोग अभी भी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। इसके अलावा, सात लोगों की आंखों की रोशनी पूरी तरह चली गई है। प्रशासन ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने घटना की पूरी जानकारी देते हुए बताया कि पीपराकोठी के शराब माफिया कन्हैया और राजा ने स्प्रिट मंगवाया था और इसे परसौना के खलीफा तथा सुनील शाह को बेचा था। खलीफा और सुनील शाह ने इसे नागा राय और जम्मू बैठा को सप्लाई किया। नागा राय ने परसौना क्षेत्र में और जम्मू बैठा ने बालगंगा क्षेत्र में शराब का वितरण किया। पुलिस ने इस मामले में राजा, जम्मू बैठा और नागा राय को गिरफ्तार कर लिया है।
मोतिहारी एसपी ने इस मामले में तुरकौलिया थाना प्रभारी उमाशंकर मांझी को क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से मौत के मामलों में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, चौकीदार भरत राय को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जहरीली शराब के सेवन से जिले के तुरकौलिया और रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के कई लोग बीमार हो चुके हैं। गुरुवार की रात से लेकर शुक्रवार की रात तक कई मरीजों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। सदर अस्पताल में नगर थानाध्यक्ष समेत अन्य अधिकारी लगातार कैंप कर राहत एवं निगरानी कार्य कर रहे हैं।
Updated on:
04 Apr 2026 11:14 am
Published on:
04 Apr 2026 10:48 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
