
तेजस्वी यादव (Photo-IANS)
बिहार के मोतिहारी में जहरीली शराब से हुई मौतों और कई लोगों की आंखों की गई रोशनी ने एक बार फिर राज्य की राजनीति को गर्म कर दिया है। राजद के कार्यकारी अध्यक्ष और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस मुद्दे पर नीतीश सरकार को सीधे कटघरे में खड़ा किया है। तेजस्वी ने शराबबंदी कानून को विफल बताते हुए इसे भ्रष्टाचार और अवैध उगाही का सबसे बड़ा जरिया करार दिया है।
तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर सरकार पर तीखे वाण छोड़े। उन्होंने कहा कि मोतिहारी में 4 लोगों की मौत और 6 लोगों का अंधा होना कोई इकलौती घटना नहीं है, यह लगातार हो रही घटनाओं की कड़ी है। तेजस्वी के मुताबिक, शराबबंदी लागू होने के बाद से अब तक बिहार में जहरीली शराब से 1300 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि यह सिर्फ सरकारी आंकड़ा है, जबकि वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है, जिसे दबाया जा रहा है।
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि शराबबंदी कानून का मूल उद्देश्य अब पूरी तरह भटक चुका है। अब यह कानून भाजपा-जदयू के कुछ नेताओं और भ्रष्ट अधिकारियों के लिए कमाई का जरिया बन गई है। उन्होंने इसे सत्ता संरक्षित माफियाओं का कमाऊ पूत बताया। तेजस्वी ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिहार में पुलिस की मिलीभगत से शराब की घर-घर होम डिलीवरी हो रही है। तेजस्वी ने लिखा, 'बिहार में खुलेआम जहरीली शराब बन रही है और धड़ल्ले से बेची जा रही है। सरकार की नाक के नीचे यह सब चल रहा है और इसकी कीमत बिहार के गरीब लोग अपनी जान देकर चुका रहे हैं।'
वहीं, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के आधिकारिक हैंडल से भी सरकार पर जोरदार हमला किया गया। आरजेडी ने लिखा कि बिहार में शराबबंदी नहीं, बल्कि सरकार की पूरी व्यवस्था बंद हो चुकी है। मोतिहारी में फिर जहरीली शराब से हो रही मौतें कोई हादसा नहीं, बल्कि सरकार की नाकामी का खुला सबूत हैं।
पार्टी ने तंज कसते हुए लिखा, 'जिस पार्टी ने नैतिकता का ढोल पीटकर सत्ता हासिल की थी, आज उसी के राज में शराब घर-घर पहुंच रही है। कागजों में बंदी, जमीन पर धंधा यही इनकी असलियत है। शराब माफियाओं को संरक्षण और आम जनता को मौत, यही मॉडल चल रहा है। सवाल यह है कि सत्ता में बैठे लोग कब तक अपनी नाकामी छिपाते रहेंगे? बिहार की जनता सब देख रही है… और अब जवाब भी देगी।'
बता दें कि मोतिहारी के रघुनाथपुर और तुरकौलिया थाना क्षेत्रों में जहरीली शराब पीने से अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 लोग अस्पतालों में भर्ती हैं। इनमें से कई की हालत नाजुक है और 6 लोगों ने अपनी आंखों की रोशनी खो दी है। प्रशासन ने इस मामले में तुरकौलिया SHO को सस्पेंड कर दिया है और एक चौकीदार को गिरफ्तार किया है।
Updated on:
03 Apr 2026 01:49 pm
Published on:
03 Apr 2026 01:49 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
