
भाजपा ऑफिस के बाहर लगा सम्राट चौधरी का पोस्टर
Bihar Politics: बिहार की सियासत में इन दिनों हर कोई एक ही सवाल पूछ रहा है कि नीतीश कुमार के बाद अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? फिलहाल, इस दौड़ में सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे चल रहा है। हालांकि, अभी तक यह तय नहीं हुआ है कि आखिरकार मुख्यमंत्री की भूमिका कौन संभालेगा। इसी बीच, गुरुवार को राजधानी पटना में राजनीतिक पारा अचानक तब चढ़ गया, जब वीरचंद पटेल पथ स्थित BJP के प्रदेश मुख्यालय के बाहर एक बड़ा पोस्टर लगा दिखा, जिसमें उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाने की मांग की गई थी। हालांकि, इस पोस्टर को जितनी तेजी से लगाया गया था, उससे भी कहीं ज्यादा तेजी से इसे फाड़कर हटा दिया गया।
BJP कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार के पास लगे इस पोस्टर ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। पोस्टर पर बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा था, 'वाल्मीकि समाज संघ की यही पुकार, बिहार में हो सम्राट की सरकार।' यह पोस्टर भाजपा नेता और वाल्मीकि समाज संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश कुमार वाल्मीकि ने लगाया था। इस पोस्टर में न केवल सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाने की वकालत की गई थी, बल्कि यह भी लिखा था कि 'भाजपा को हमने दिया है हर संभव साथ, ठेकेदारी प्रथा आपकी सरकार में हो समाप्त।'
हैरानी की बात यह है कि पोस्टर लगाए जाने के कुछ ही मिनटों के भीतर BJP के कुछ कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और उन्होंने जल्दबाजी में उसे फाड़ दिया। पोस्टर फाड़े जाने के बाद चर्चा शुरू हो गई है कि भाजपा के भीतर का एक गुट सम्राट चौधरी के बढ़ते कद से असहज महसूस कर रहा है और उनके नाम को लेकर कोई भी आधिकारिक घोषणा होने से पहले इस तरह की पोस्टर-ब्रांडिंग का विरोध कर रहा है।
इस पूरे घटनाक्रम पर टिप्पणी करते हुए बिहार के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने स्पष्ट रूप से कहा कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इस बारे में फैसला पार्टी का नेतृत्व ही करेगा। उन्होंने आगे कहा कि दावेदार तो हमेशा कई होते हैं। संभवतः किसी समर्थक ने ही यह पोस्टर लगाया होगा। फिलहाल यह माना जा रहा है कि दिल्ली में होने वाली बैठकों और NDA की रणनीति के बाद ही यह तय होगा कि बिहार की कमान किसके हाथ में जाएगी।
Updated on:
09 Apr 2026 01:04 pm
Published on:
09 Apr 2026 01:03 pm
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
