
सम्राट चौधरी और पूर्व सीएम नीतीश कुमार (Photo-IANS)
बिहार कैबिनेट विस्तार और मंत्रियों के बीच विभागों के बंटवारे के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की। नीतीश कुमार के सरकारी आवास 7, सर्कुलर रोड पर दोनों नेताओं के बीच करीब 30 मिनट तक बातचीत हुई। इस मुलाकात को राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच विभागों के बंटवारे समेत कई अन्य राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा हुई। कैबिनेट विस्तार और विभागों के आवंटन के बाद सम्राट चौधरी और नीतीश कुमार के बीच यह पहली मुलाकात थी, इसलिए इसे सियासी दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कारकेड के कारण केंद्रीय मंत्री ललन सिंह का काफिला पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सरकारी आवास के बाहर कुछ देर के लिए रोक दिया गया। दरअसल, सम्राट चौधरी नीतीश कुमार से मुलाकात कर उनके आवास से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी नीतीश कुमार से मिलने 7, सर्कुलर रोड पहुंचे।
उसी समय सम्राट चौधरी का कारकेड आवास से बाहर निकल रहा था। सुरक्षा कारणों से ललन सिंह के काफिले को मुख्य गेट के बाहर रोक दिया गया। इसके बाद ललन सिंह अपनी गाड़ी से उतरकर पैदल ही आवास परिसर में प्रवेश कर गए।
जैसे ही वह नीतीश कुमार के मुख्य गेट के पास पहुंचे, सम्राट चौधरी का कारकेड भी वहां पहुंच गया। ललन सिंह को देखते ही सम्राट चौधरी ने कुछ देर के लिए अपना कारकेड रुकवाया और उनका अभिवादन किया। इसके बाद दोनों नेता अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने शुक्रवार को बिहार के स्वास्थ्य मंत्री के रूप में पदभार संभाला। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, “पहले सीखूंगा, फिर काम करूंगा।”
निशांत कुमार ने कहा कि उनका प्रयास होगा कि बेहतर इलाज समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि बिहार के सरकारी अस्पतालों के बुनियादी ढांचे को और मजबूत करना तथा मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं में सुधार लाना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि वह अपनी जिम्मेदारी पूरी सच्चाई और ईमानदारी के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। पदभार संभालने के बाद निशांत कुमार ने स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की और उन्हें जनता के प्रति जवाबदेह रहने के निर्देश दिए। साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाना सुनिश्चित करने को कहा।
Updated on:
08 May 2026 05:02 pm
Published on:
08 May 2026 04:44 pm
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
