
पटना की सड़कों पर प्रदर्शन करते छात्र
ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद की रिहाई और खान सर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर तीसरे दिन भी छात्र पटना की सड़कों पर उतरे। छात्र पटना कॉलेज के बाहर एकत्र हुए और कारगिल चौक तक मार्च निकालने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। छात्रों की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल और वाटर कैनन की गाड़ियां तैनात कर दी हैं। बताया जा रहा है कि खान सर के कोचिंग पर हमले के मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद वर्तमान में जेल में बंद हैं।
पटना के मुसल्लहपुर हाट में कोचिंग संस्थानों के बीच हुए विवाद और गोलीबारी के मामले में खान सर को सोमवार को पटना सिविल कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। वहीं, ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद को बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने खान सर की गिरफ़्तारी पर रोक लगा दी है, जबकि जमानत के लिए रौशन आनंद की अर्जी को खारिज कर दिया है, जिसका मतलब है कि उन्हें फिलहाल जेल में ही रहना होगा।
यह घटना 2 जून की रात पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके की है, जहां खान ग्लोबल स्टडीज के ऑफिस के बाहर भारी हंगामा, मारपीट और फायरिंग हुई थी। इस झड़प में एक सिक्योरिटी गार्ड घायल भी हुआ था। इस घटना के बाद, पटना के इन दो बड़े कोचिंग संस्थानों के बीच का विवाद सबके सामने आ गया।
खान सर के संस्थान की ओर से दर्ज कराई गई FIR में आरोप लगाया गया कि रोशन आनंद के उकसावे पर उनके समर्थकों और उपद्रवियों ने संस्थान पर हमला किया और बीच सड़क पर सिक्योरिटी स्टाफ के साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रोशन आनंद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि, रौशन आनंद ने खुद को निर्दोष बताते हुए अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज कर दिया था। उन्होंने खान सर पर साजिश करने का आरोप लगाया था।
Updated on:
09 Jun 2026 07:56 pm
Published on:
09 Jun 2026 06:35 pm
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
