29 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बिहार में सीएम के गांव के पास दफ्तर में घुस कर अफ़सर की हत्या, एनकाउंटर में कुख्यात रामधनी यादव ढेर

सुल्तानगंज नगर परिषद में मंगलवार को हुए गोलीकांड के मुख्य आरोपी रामधनी यादव की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई, जबकि उसका एक अन्य साथी घायल हो गया है।

2 min read
Google source verification

रामधनी यादव। फोटो -पत्रिका

बिहार के सुल्तानगंज में सरकारी अधिकारी की हत्या का मुख्य आरोपी रामधनी यादव पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। एनकाउंटर के दौरान उसे सीने में गोली लगी, जिसके बाद गंभीर हालत में उसे मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को वर्चस्व की लड़ाई को लेकर सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में हुई फायरिंग में कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) कृष्ण भूषण कुमार की मौत हो गई थी, जबकि सभापति राजकुमार गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के गांव से महज 25 किलोमीटर की दूरी पर अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया था।

भागलपुर एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि रामधनी यादव को पुलिस हिरासत में लेकर घटना में इस्तेमाल हथियार की जानकारी ली जा रही थी। इसी दौरान पुलिस उसे घटनास्थल पर ले जा रही थी। तभी पीछे से उसके सहयोगियों ने उसे छुड़ाने के लिए पुलिस पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रामधनी यादव घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में रामधनी यादव के साले और दीपक नाम के एक अन्य अपराधी को भी गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ चल रही है।

कई मामलों में आरोपी था रामधनी यादव

भागलपुर के एसपी ने बताया कि रामधनी यादव एक कुख्यात अपराधी था, जिसके खिलाफ कई मामले पहले से दर्ज थे। उन्होंने कहा कि पूर्व में उसने एक व्यक्ति की हत्या कर उसका सिर लेकर थाने पहुंचने जैसी सनसनीखेज वारदात को भी अंजाम दिया था। एसपी के अनुसार, उसे इस बार भी उम्मीद थी कि वह पुलिस पर फायरिंग कर दहशत फैलाकर फरार हो जाएगा, लेकिन पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसकी मौत हो गई।

एनकाउंटर में घायल पुलिसकर्मी अस्पताल में भर्ती

इस एनकाउंटर में घायल डीएसपी समेत तीन पुलिस अधिकारियों को इलाज के लिए मायागंज स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलने के बाद जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव और एसडीएम विकास कुमार अस्पताल पहुंचे और घायल पुलिसकर्मियों का हाल जाना तथा उनकी स्थिति की जानकारी ली।

सीएम के गांव के पास अफ़सर की हत्या

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के गांव तारापुर से करीब 25 किलोमीटर दूर सुल्तानगंज में रामधनी यादव ने अपने साथियों के साथ मंगलवार को नगर परिषद कार्यालय में घुसकर अधिकारियों पर अंधाधुंध फायरिंग की थी।

इस हमले में कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) कृष्ण भूषण कुमार और सभापति राजकुमार गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को आनन-फानन में सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर किया गया।

हालांकि रास्ते में ही ईओ कृष्ण भूषण कुमार की मौत हो गई, जबकि सभापति राजकुमार गुड्डू का इलाज मायागंज अस्पताल में चल रहा है। सूत्रों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनके सिर में गोली लगी है।