21 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Patna Airport: 11 महीने में ही झड़ने लगीं नए टर्मिनल की टाइल्स, तेजस्वी बोले- PM ने किया उद्घाटन, भाजपाइयों ने की लूट

Patna Airport: 29 मई 2025 को पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन किया था। लेकिन उद्घाटन के एक साल के अंदर ही टर्मिनल परिसर में लगी टाइल्स गिरने लगी है। जिस पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अब सवाल उठाए हैं। 

2 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

Apr 21, 2026

पटना एयरपोर्ट, patna airport, tejashwi yadav

पटना एयरपोर्ट का नया टर्मिनल और गिरे हुए टाइल्स को साइड कर्ता कर्मचारी

Patna Airport:बिहार की राजधानी पटना में स्थित जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नए टर्मिनल पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। करोड़ों की लागत से बने इस टर्मिनल के अराइवल एरिया में दीवार पर लगी टाइल्स अचानक उखड़ गईं और जमीन पर आ गिरीं। जहां इस घटना ने एयरपोर्ट के सुरक्षा प्रोटोकॉल में बरती गई लापरवाही को बेनकाब कर दिया है, वहीं इसने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह घटना टर्मिनल के अराइवल एरिया में पिलर नंबर 5 के पास हुई। चश्मदीदों के मुताबिक, दीवार से टाइल्स अचानक उखड़कर नीचे गिरीं। जमीन पर गिरने से पहले टाइल्स सुरक्षा के लिए लगाए गए स्टील के रॉड्स से टकराईं, इसके बाद हुई जोरदार आवाज से वहां मौजूद यात्री और एयरपोर्ट स्टाफ घबरा गए। सौभाग्य से उस समय कोई भी यात्री सीधे तौर पर गिरती हुई टाइल्स की चपेट में नहीं आया। अन्यथा, कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।

बाल-बाल बचे पूर्व मंत्री के बेटे

घटना के समय, पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे के बेटे अर्जित शाश्वत अपने पिता को लेने एयरपोर्ट आए हुए थे। उन्होंने बताया, 'अचानक एक जोरदार आवाज के साथ टाइल्स नीचे आ गिरीं। पहले तो मैं पिलर के पास ही खड़ा था, लेकिन फिर बाद में कुछ दूरी पर आकर खड़ा हो गया। यह मेरी किस्मत ही थी कि मैं बाल-बाल बच गया।' उन्होंने एयरपोर्ट प्रशासन से मांग की है कि वे पूरी इमारत का एक व्यापक सुरक्षा ऑडिट करवाएं।

तेजस्वी यादव ने NDA सरकार को घेरा

विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस घटना का वीडियो शेयर करते हुए NDA सरकार पर जमकर निशाना साधा। अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'पटना हवाई अड्डे की इमारत गिरना शुरू… बिहार चुनाव से पहले आनन-फ़ानन में अर्धनिर्मित जयप्रकाश नारायण अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा, पटना के नए टर्मिनल का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 29 मई 2025 को किया था। अब कुछ महीनों में ही टर्मिनल परिसर में लगी टाइल्स गिरने लगी है। संयोग से ये टाइल्स किसी यात्री अथवा एयरपोर्ट कर्मचारी के ऊपर नहीं गिरा अन्यथा बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।'

तेजस्वी ने आगे लिखा, 'भ्रष्ट भाजपाई और उसके सिंडिकेट के द्वारा मची लूट का इससे बड़ा प्रमाण और क्या हो सकता है? सच्चाई यही है कि NDA नेता अपने वफादार ठेकेदारों से घटिया काम करवा कर जनता की कमाई का बंदरबांट कर लेते हैं।'

प्रभावित एरिया किया गया बंद

इस घटना के बाद एयरपोर्ट डायरेक्टर सीपी द्विवेदी ने पुष्टि की कि वाकई टाइलें गिरी थीं। उन्होंने बताया कि वहां मेंटेनेंस का काम चल रहा है और प्रभावित इलाके को फिलहाल के लिए घेरकर बंद कर दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि यात्रियों की सुरक्षा प्राथमिकता है और मामले की जांच के बाद जरूरी कदम उठाए जाएंगे। हालांकि, यात्रियों का कहना है कि जब यह अत्याधुनिक टर्मिनल हाल ही में 1,400 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुआ था, तो इसके पूरा होने के सिर्फ 11 महीनों के अंदर ही मेंटेनेंस की जरूरत क्यों पड़ गई?