21 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

PM मोदी से मिले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, समृद्ध बिहार पर हुई चर्चा; क्या मंत्रिमंडल की लिस्ट हुई फाइनल?

बिहार के मुख्यमंत्री का कार्यभार संभालने के बाद मंगलवार को सम्राट चौधरी ने पहली बार देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह मुलाकात करीब 30 मिनट तक चली। इसके बाद सम्राट चौधरी बिहार भवन के लिए रवाना हो गए। 

2 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

Apr 21, 2026

पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम सम्राट चौधरी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले सीएम सम्राट चौधरी (फोटो-X)

बिहार के मुख्यमंत्री का पदभार संभालने के बाद सम्राट चौधरी अपने पहले दिल्ली दौरे पर हैं। मंगलवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान 'विकसित भारत' की तर्ज पर 'समृद्ध बिहार' के रोडमैप पर लंबी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के बीच करीब 30 मिनट तक चली इस बैठक में संभवतः बिहार में नई सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के मुद्दे पर भी चर्चा हुई होगी। इससे पहले सम्राट चौधरी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मिले थे।

पीएम मोदी का मार्गदर्शन और बिहार का विकास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, 'देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से आज नई दिल्ली में शिष्टाचार मुलाकात की। विकसित भारत और समृद्ध बिहार के विजन पर मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। माननीय प्रधानमंत्री जी का स्नेह एवं सहयोग बिहार की प्रगति को नई गति प्रदान कर रहा है।' इस मीटिंग में बिहार के समग्र विकास, सुशासन एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक बातचीत हुई है।

नितिन नवीन से छोटी सी भेंट

प्रधानमंत्री से मुलाकात से पहले सम्राट चौधरी भाजपा मुख्यालय पहुंचे थे, जहां उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की थी। सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच करीब 5-10 मिनट तक बंद कमरे में चर्चा हुई। गलियारों में चर्चा है कि इस संक्षिप्त मुलाकात में बिहार के आगामी मंत्रिमंडल विस्तार के नामों की सूची को अंतिम रूप दिया गया है। पटना लौटते ही नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण की तारीख का ऐलान हो सकता है।

बिहार भवन में कार्यकर्ताओं से मुलाकात

प्रधानमंत्री से मिलने के बाद मुख्यमंत्री सीधे बिहार भवन पहुंचे। वहां पहले से ही बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक उनके स्वागत के लिए मौजूद थे। सम्राट चौधरी ने सभी कार्यकर्ताओं से गर्मजोशी से मुलाकात की और बिहार के विकास के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।

कब होगा मंत्रिमंडल विस्तार

ऐसी उम्मीद है कि बिहार में मंत्रिमंडल का विस्तार पश्चिम बंगाल सहित पांच राज्यों में चुनाव संपन्न होने के बाद ही किया जाएगा। तब तक मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, दो उप मुख्यमंत्रियों के साथ मिलकर संयुक्त रूप से सरकार चलाते रहेंगे। सम्राट चौधरी की दिल्ली यात्रा के बीच ऐसी अटकलें जोरों पर हैं कि संभावित मंत्री उम्मीदवारों के नामों को लेकर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ चर्चा चल रही है।