14 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

करोड़ों की जमीन से लेकर हथियारों तक, नीतीश कुमार से कितने ज्यादा अमीर हैं सम्राट चौधरी?

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ज्यादा अमीर हैं या होने वाले सीएम सम्राट चौधरी? चुनावी हलफनामों के अनुसार सम्राट चौधरी नीतीश कुमार से सात गुना ज़्यादा अमीर हैं।

2 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

Apr 14, 2026

bihar politics, नीतीश कुमार, सम्राट चौधरी

नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी

बिहार के मुख्यमंत्री पद से नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद अब राज्य की कमान भाजपा के सम्राट चौधरी के हाथों में होगी। सम्राट चौधरी को एनडीए विधायक दल का नेता चुन लिया गया है और वो कल सीएम पद की शपथ लेंगे। इसी बीच अब बिहार के पूर्व सीएम और होने वाले सीएम की संपत्ति भी चर्चा का विषय बन गई है। चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामों के अनुसार बिहार के होने वाले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से करीब 7 गुना ज्यादा अमीर हैं।

करोड़ों की जमीन बनाम दिल्ली का फ्लैट

सम्राट चौधरी और नीतीश कुमार की संपत्ति में सबसे बड़ा अंतर अचल संपत्ति यानी जमीन-जायदाद का है। सम्राट चौधरी एक संपन्न राजनैतिक परिवार से आते हैं और उनके पास करोड़ों की पुश्तैनी और अर्जित जमीन है। मुंगेर के तारापुर, मानिकपुर और खजपुरा जैसे इलाकों में उनके नाम पर 8 करोड़ रुपये से अधिक की जमीन दर्ज है।

इसके उलट, नीतीश कुमार की संपत्ति का सबसे बड़ा हिस्सा दिल्ली के द्वारका स्थित उनका एक फ्लैट है, जिसकी मौजूदा कीमत करीब 1.48 करोड़ रुपये है। नीतीश के पास बिहार में अपनी कोई निजी कृषि भूमि नहीं है।

सम्राट के पास हथियार, नीतीश के पास सादगी

बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी हथियारों के भी शौकीन हैं। उनके पास करीब 4 लाख रुपये कीमत की एक एनपी बोर राइफल और करीब 2 लाख रुपये की एक रिवॉल्वर है। वहीं, नीतीश कुमार के पास कोई निजी हथियार नहीं है। वाहनों की बात करें तो सम्राट चौधरी के पास 7 लाख की बोलेरो नियो है, जबकि नीतीश कुमार 11.32 लाख की फोर्ड इकोस्पोर्ट के मालिक हैं, जो उन्होंने साल 2015 में खरीदी थी।

कैश और निवेश

राज्य सभा चुनाव के समय दिए हलफनामे के मुताबिक, बिहार जैसे बड़े राज्य के मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार के पास कैश के नाम पर सिर्फ 20,552 रुपये हैं। वहीं सम्राट चौधरी और उनकी पत्नी के पास मिलाकर करीब 1.70 लाख रुपये नकद हैं।

निवेश की बात करें तो सम्राट चौधरी ने म्यूचुअल फंड्स, शेयर बाजार और पीपीएफ (PPF) में भारी निवेश किया हुआ है। सम्राट के पास फ्रैंकलिन इंडिया, एचडीएफसी मिडकैप और निप्पॉन इंडिया जैसे फंड्स में लाखों रुपये जमा हैं, जबकि नीतीश कुमार का निवेश पोर्टफोलियो काफी सीमित है।

200 ग्राम सोना बनाम 2 अंगूठियां

पारिवारिक संपत्ति और गहनों के मामले में भी सम्राट चौधरी का पलड़ा भारी है। सम्राट और उनकी पत्नी के पास मिलाकर करीब 60 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर हैं, जिसमें सम्राट के हिस्से करीब 200 ग्राम सोना आता है।

वहीं, नीतीश कुमार के पास गहनों के नाम पर केवल दो अंगूठियां हैं। एक सोने की और दूसरी मोती जड़ित चांदी की, जिनकी कुल कीमत महज 2.37 लाख रुपये के आसपास है।

सम्राट चौधरी नीतीश कुमार
कुल संपत्तिलगभग ₹11.35 करोड़ लगभग ₹1.66 करोड़
अचल संपत्ति₹8.5 करोड़ की जमीन₹1.48 करोड़ का फ्लैट
हथियार₹6 लाख के (राइफल + रिवॉल्वर)शून्य
नकदी (Cash)₹1.35 लाख₹20,552
गहने₹60 लाख के₹2.37 लाख के
कर्जशून्यशून्य