
सांकेतिक इमेज (सोर्स- Chatgpt)
दिल्ली समेत पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। बारिश के थमने और हवा की रफ्तार में आई कमी के चलते वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) लाल निशान के पास पहुंच गया है। वातावरण में जमे हुए प्रदूषक कणों के कारण हवा जहरीली होती जा रही है।
दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के कई इलाकों में AQI खतरनाक स्तर को पार कर चुका है, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। नोएडा के सेक्टर-125 में एक्यूआई 299 दर्ज किया गया है, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। इसी तरह सेक्टर-62 में एक्यूआई 239, सेक्टर-116 में 212 और सेक्टर-1 में 142 दर्ज किया गया है। यहां के सभी 4 सक्रिय स्टेशनों से प्राप्त आंकड़े चिंता बढ़ाने वाले हैं।
गाजियाबाद जिले में भी वायु की गुणवत्ता खराब हो गई है। यहां के 7 सक्रिय स्टेशनों में से अधिकांश पर हवा की गुणवत्ता गंभीर है। लोनी में AQI 259, इंदिरापुर में 233, वसंधरा में 230, संजय नगर में 215, वेव सिटी में 182 और वेद विहार-लोनी में 197 AQI दर्ज किया गया। गोविंदपुरम इकलौता ऐसा इलाका रहा जहां AQI 54 (संतोषजनक) दर्ज किया गया। दिल्ली की हवा में भी प्रदूषक तत्वों की मात्रा तेजी से बढ़ी है।
आनंद विहार में AQI 271, चांदनी चौक में 255, बवाना में 180, बुराड़ी क्रॉसिंग में 197 और आया नगर में 143 AQI दर्ज किया गया है। दिल्ली के कई इलाकों में पीएम10 और पीएम 2.5 के स्तर में भारी उछाल देखा जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, 14 अक्टूबर को दिल्ली-एनसीआर में सामान्य तौर पर बादल छाए रहेंगे। तापमान 34 डिग्री सेल्सियस अधिकतम और 21 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम रहने की संभावना है। हवा में नमी 80 से 65 प्रतिशत तक रहेगी।
राहत की बात यह है कि 15 और 16 अक्टूबर को मौसम विभाग ने आंधी-तूफान के साथ बारिश की भविष्यवाणी की है। 15 अक्टूबर को तापमान 33 डिग्री और 16 अक्टूबर को 31 डिग्री तक गिर सकता है। बारिश होने से वातावरण में जमे प्रदूषक कण बह जाएंगे, जिससे हवा साफ होने की उम्मीद है। 17 अक्टूबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, जबकि 18 और 19 अक्टूबर को मुख्य रूप से आसमान साफ रहने का अनुमान है। तापमान 33 डिग्री के आसपास बना रहेगा।
मौसम विभाग (IMD) ने दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई और दक्षिण प्रायद्वीप में उत्तरपूर्वी मानसून की अनुकूल परिस्थितियों (बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन) के कारण उत्तर और मध्य भारत में बारिश की संभावना जताई है। IMD के मुताबिक दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में बारिश होने की संभावना है।
Updated on:
14 Oct 2026 01:54 pm
Published on:
14 Oct 2026 01:52 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
