
सांकेतिक इमेज (सोर्स- Chatgpt)
सर्जिकल स्ट्राइक को आज 10 साल पूरे हो गए। 28-29 सितंबर 2016 की रात भारतीय सेना ने नियंत्रण रेखा (LOC) पार करके आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई की थी। इस अवसर पर सैनिकों के साहस और पराक्रम को याद किया जा रहा है।
उरी हमला 18 सितंबर 2016 को हुआ था। इस दौरान 4 आतंकियों के हमले में 19 भारतीय सैनिक शहीद हो गए थे और करीब 30 अन्य घायल हुए थे। इस घटना के बाद भारत ने हमले का आरोप पाकिस्तान-स्थित आतंकी समूहों पर लगाया था, लेकिन पाकिस्तान ने इसमें अपनी भूमिका से इनकार किया था।
उरी हमले के 11 दिन बाद 29 सितंबर 2016 को भारत ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) में आतंकी शिविरों पर जवाबी कार्रवाई की। यह पहली ऐसी कार्रवाई थी, जिसकी सार्वजनिक घोषणा की गई। तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल दलबीर सिंह सुहाग, उत्तरी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल डी.एस. हुड्डा और सैन्य अभियान महानिदेशक (DGMO) लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह प्रमुख कमांडर थे।
आधिकारिक ब्रीफिंग में DGMO ने कहा था कि विश्वसनीय सूचना मिली थी कि आतंकी टीमें LOC के लॉन्च पैड पर घुसपैठ और हमलों की तैयारी में थीं। इसलिए सेना ने पहले ही कार्रवाई की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 सितंबर को सेना के ऑप्स रूम में इसकी ब्रीफिंग सुनी थी। भारतीय सेना की कार्रवाई को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के संयुक्त राष्ट्र महासभा के भाषण तक टालने का फैसला भी हुआ था।
कुछ स्रोत 35-40 आतंकियों के मारे जाने का दावा करते हैं, लेकिन यह आधिकारिक रूप से सत्यापित आंकड़ा नहीं है। DGMO के बयान में लॉन्च पैड पर कार्रवाई की बात थी, तय संख्या नहीं बताई गई।
पाकिस्तान ने सर्जिकल स्ट्राइक होने से इनकार किया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान ने कहा कि सिर्फ LoC पर गोलीबारी हुई, जिसमें उसके 2 सैनिक मारे गए और 9 घायल हुए।
सर्जिकल स्ट्राइक दिवस पर मां भारती के वीर सपूतों के शौर्य, पराक्रम एवं अदम्य साहस को नेता-मंत्रियों ने याद किया नमन किया। केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने लिखा- भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम के प्रतीक ‘सर्जिकल स्ट्राइक दिवस’ पर मां भारती की रक्षा के लिए सदैव समर्पित हमारे वीर सैनिकों को कोटि-कोटि नमन।
राष्ट्र की सुरक्षा के लिए उनका अद्वितीय साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा हम सभी के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत है। वीर जवानों का यह पराक्रम देशवासियों में राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण की भावना को और मजबूत करता है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 'X' पर लिखा- सर्जिकल स्ट्राइक दिवस पर हमारी भारतीय सेना का सम्मान करते हुए, हमारे राष्ट्र के लिए खतरों के खिलाफ उनकी निर्णायक कार्रवाई भारत के सुरक्षा इतिहास में एक गौरवपूर्ण अध्याय के रूप में खड़ी है। 'सर्जिकल स्ट्राइक डे' पर देश की रक्षा में समर्पित भारतीय सेना की वीरता को नमन।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट कर लिखा- सर्जिकल स्ट्राइक दिवस पर राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम का परिचय देने वाले भारतीय वीर जवानों को कोटि-कोटि नमन। देश की रक्षा के लिए आपका समर्पण और बलिदान सदैव राष्ट्रवासियों के लिए प्रेरणा रहेगा।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने सोशल मीडिया पर लिखा- भारतीय सेना के अदम्य शौर्य और अटूट पराक्रम के प्रतीक सर्जिकल स्ट्राइक दिवस पर मां भारती के वीर सपूतों को सादर नमन। देश की सुरक्षा और सम्मान की रक्षा के लिए भारतीय सेना के जवानों ने साहस, शौर्य और अदम्य संकल्प का परिचय दिया। राष्ट्र की रक्षा के लिए उनका समर्पण प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव का विषय है।
वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' ने लिखा- सर्जिकल स्ट्राइक दिवस पर राष्ट्र-रक्षा में समर्पित मां भारती के वीर सपूतों के शौर्य, पराक्रम एवं अदम्य साहस को सलाम। छत्तीसगढ़ सरकार में मंत्री केदार कश्यप ने लिखा- ये नया भारत है, घर में घुसकर मारता है। देश के स्वाभिमान, साहस और पराक्रम के प्रतीक 'सर्जिकल स्ट्राइक' की गौरवमयी 10वीं वर्षगांठ एवं शौर्य दिवस पर भारतीय सेना के वीर सपूतों के पराक्रम को सादर नमन।
दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- सर्जिकल स्ट्राइक की गौरवमयी वर्षगांठ ‘शौर्य दिवस’ पर भारतीय सेना के वीर सपूतों को सादर नमन। 29 सितंबर 2016 को भारतीय सेना ने आतंक के खिलाफ अपने अदम्य साहस, शौर्य और अडिग संकल्प का परिचय देते हुए पूरी दुनिया को भारत की निर्णायक शक्ति का संदेश दिया। आतंक के खिलाफ भारत के इस बड़े कदम ने नए भारत के उस संकल्प को मजबूती दी, जो शांति में विश्वास रखता है, लेकिन राष्ट्र की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं करता।
Updated on:
29 Sept 2026 02:28 pm
Published on:
29 Sept 2026 02:28 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
